Edited By Vijay, Updated: 29 Sep, 2026 06:59 PM

मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित औट टनल के भीतर एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक ट्रैवलर वाहन की चपेट में आने से नेपाली मूल के एक पुहाल (भेड़पालक) की मौत हो गई।
नगवाईं/मंडी (मनोज): मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित औट टनल के भीतर एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक ट्रैवलर वाहन की चपेट में आने से नेपाली मूल के एक पुहाल (भेड़पालक) की मौत हो गई। इस दुर्घटना में पुहाल के साथ चल रही तीन भेड़ों की भी मौके पर ही जान चली गई, जबकि एक भेड़ घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के तुरंत बाद सूचना मिलने पर औट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल पुहाल को तत्काल सिविल अस्पताल नगवाईं पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल कुल्लू रैफर कर दिया।
कुल्लू अस्पताल में भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे एम्स बिलासपुर के लिए रैफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश बिलासपुर ले जाते समय रास्ते में ही पुहाल ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रविन बटाला पुत्र चन्द्र बहादुर बटाला, निवासी गांव एवं डाकघर विजयेश्वरी, तहसील व जिला रुकुम, अंचल रावती (नेपाल) के रूप में हुई है।
वहीं औट पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है और टनल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उधर, पुहाल के शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें