Edited By Kuldeep, Updated: 22 Jun, 2026 06:36 PM

पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बंबर ठाकुर ने भाजपा सरकार पर देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।
मंडी (रजनीश): पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बंबर ठाकुर ने भाजपा सरकार पर देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्त्ताओं को आर्थिक और अन्य फायदे पहुंचाने के लिए जानबूझ कर नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक किए जा रहे हैं। वर्ष 2014 से अब तक देश में 93 बार पेपर लीक हो चुके हैं। जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहीं पर पेपर लीक के मामले सबसे ज्यादा सामने आए हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तंज कसते हुए उन्हें पेपर लीक का प्रधान बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने बड़े घोटालों के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिक्षा मंत्री को पद से नहीं हटा रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्त्ताओं को लाभ पहुंचाने वालों को प्रधानमंत्री कभी नहीं हटाएंगे। पेपर लीक के बहाने अब तक अरबों रुपए इकट्ठे किए जा चुके हैं, जबकि देश का नौजवान अपने भविष्य को लेकर गहरे अंधकार में है। बंबर ठाकुर ने कहा कि नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गरीब और मध्यमवर्गीय अभिभावक बैंकों से एजुकेशन लोन लेते हैं। पेपर लीक होने से बच्चों का भविष्य बर्बाद हो जाता है और परिवार कर्ज के बोझ तले दब जाता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि ऐसे सभी प्रभावित बच्चों के अभिभावकों का एजुकेशन लोन तुरंत माफ किया जाए।
जयराम कब जनता से माफी मांगेंगे
बंबर ने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए पूछा कि वह और उनकी टीम नीट पेपर लीक मामले पर जनता से कब माफी मांगेंगे और इस मुद्दे पर राज्यपाल को ज्ञापन कब सौंपेंगे। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी मंडी जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर शैक्षणिक संस्थानों में जाएगी। पार्टी कार्यकर्त्ता छात्रों से मिलकर संवाद करेंगे और उन्हें जागरूक करेंगे, ताकि वे निराशा की स्थिति में आत्महत्या जैसा कोई आत्मघाती कदम न उठाएं। इस मौके पर मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी रहे देवेंद्र जग्गी व नाचन से कांग्रेस प्रत्याशी रहे लाल सिंह कौशल उपस्थित रहे।