Edited By Kuldeep, Updated: 21 May, 2026 04:50 PM

ज्वालामुखी के खुंडियां क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 883 ग्राम चरस के साथ बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है।
ज्वालामुखी (नितेश): ज्वालामुखी के खुंडियां क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 883 ग्राम चरस के साथ बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। यह सफलता पुलिस को सुरानी में लगाए गए नाके के दौरान मिली, जब एक ऑल्टो कार को संदेह के आधार पर रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में सवार भीखम राम (55) पुत्र नंद लाल निवासी भलेई डाकघर लेसबी तहसील चुराह जिला चम्बा और उसके पुत्र कमलेश कुमार (26) के कब्जे से चरस बरामद हुई। मामले की पुष्टि एसपी देहरा मयंक चौधरी ने की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कहां से आई खेप के जवाब ढूंढेगी पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों के नैटवर्क, पुराने रिकॉर्ड और मोबाइल डाटा की भी जांच करेगी। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में आगे और भी खुलासे या गिरफ्तारियां हो सकती हैं।