Edited By Kuldeep, Updated: 29 Jul, 2026 11:37 PM

पुलिस उपमंडल इंदौरा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों मिलीलीटर अवैध कच्ची शराब (लाहण) को नष्ट किया है।
इंदौरा (अजीज): पुलिस उपमंडल इंदौरा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों मिलीलीटर अवैध कच्ची शराब (लाहण) को नष्ट किया है। पुलिस ने छन्नी, बाईं अटारियां और बाईं टांडा क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसा। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध शराब का कारोबार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ इंदौरा संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में क्यूआरटी, सीआईए और स्थानीय पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान घरों में प्लास्टिक के ड्रमों में छिपाकर रखी गई करीब 2 करोड़ मिलीलीटर अवैध कच्ची शराब लाहण को मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने नशे के खिलाफ एक अन्य कार्रवाई में बाईं अटारियां से 151.9 ग्राम चरस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कौशल कुमार (24) पुत्र स्व. केवल कुमार निवासी बाईं अटारियां के घर पर दबिश दी, जहां से चरस बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस थाना इंदौरा की टीम ने बाईं टांडा में कार्रवाई करते हुए एक महिला के घर से 20 हजार मिलीलीटर अवैध शराब लाहण बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मिली सूचना पर एसआई सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने राजकुमारी पत्नी स्व. कुलदीप कुमार निवासी बाईं टांडा के घर दबिश दी, जहां प्लास्टिक के कैन में रखी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी धर्म चंद वर्मा ने कहा कि पुलिस जिला नूरपुर में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।।