Himachal: कांगड़ा में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 154.51 ग्राम चिट्टे और 1.412 KG चरस के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 17 Jul, 2026 06:32 PM

7 smugglers arrested with heroin and hashish

हिमाचल प्रदेश सरकार के नशा एवं चिट्टा विरोधी अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिला के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश सरकार के नशा एवं चिट्टा विरोधी अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिला के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चिंताजनक बात यह है कि गिरफ्तार किए गए इन तस्करों में 2 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चिट्टा (हैरोइन) और 1 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 2 ऑल्टो कारें और एक मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।

धर्मशाला में आयोजित एक विशेष पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने इन ऑप्रेशनों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सीआईए की टीम और स्थानीय पुलिस ने पालमपुर, धर्मशाला और बैजनाथ थाना क्षेत्रों में जाल बिछाकर इन तस्करों के नेटवर्क को तोड़ा है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि तस्करों द्वारा बरामद की गई चरस मंडी जिले से और चिट्टा पंजाब राज्य से लाया जा रहा था। सबसे बड़ी कामयाबी धर्मशाला पुलिस के हाथ लगी है। यहां पुलिस ने 154.51 ग्राम चिट्टे के साथ मुख्य सप्लायर संदीप कुमार और पंजाब के रहने वाले एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। एसपी के अनुसार आरोपी संदीप कुमार पालमपुर और धर्मशाला क्षेत्रों में हैरोइन सप्लाई करने वाला मुख्य तस्कर है।

पालमपुर पुलिस ने भी नशा तस्करों के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पहली कार्रवाई में मंडी निवासी योगिंदर कुमार को 1.029 किलोग्राम चरस और एक ऑल्टो कार के साथ दबोचा। वहीं, दूसरी कार्रवाई में चम्बा के रहने वाले धीरज कुमार को 114 ग्राम चरस और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं चौथी बड़ी कार्रवाई बैजनाथ पुलिस द्वारा की गई है। यहां पुलिस टीम ने जिला कांगड़ा के ही रहने वाले अनिल मिन्हास, शिवांश और एक नाबालिग को 269 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस की युवाओं से अपील, नशे की लत से रहें दूर
एसपी कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट किया कि कांगड़ा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। भविष्य में इस अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा ताकि जिला को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे नशे की लत से दूर रहें। इसके साथ ही एसपी ने आम जनता से भी अनुरोध किया कि यदि उनके आसपास नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो उसे बेझिझक तुरंत पुलिस के साथ सांझा करें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!