Edited By Vijay, Updated: 15 Jul, 2026 12:26 PM

जिला कांगड़ा में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस और सीआईए की टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 46.91 ग्राम चिट्टे के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
धर्मशाला/कांगड़ा: जिला कांगड़ा में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस और सीआईए की टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 46.91 ग्राम चिट्टे के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक टैक्सी और एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इक्कू ब्रिज पर टैक्सी से 13.90 ग्राम चिट्टा बरामद
पहला मामला पुलिस चौकी योल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जदरांगल का है। सीआईए कांगड़ा की टीम ने इक्कू ब्रिज के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान टीम ने एक टैक्सी को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसमें से 13.90 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टैक्सी सवार 3 आरोपियों गौरव शर्मा, अंकज कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने टैक्सी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
शाहपुर में यूपी और पंजाब के दो तस्कर 33.01 ग्राम चिट्टे सहित काबू
दूसरी कार्रवाई शाहपुर थाना क्षेत्र के तहत लदवाड़ा चौक पर स्थित शनिदेव मंदिर के समीप की गई। सीआईए टीम ने यहां नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार 2 संदिग्धों की तलाशी ली, जिनके कब्जे से 33.01 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बाहरी राज्यों के हैं। इनकी पहचान 24 वर्षीय विनोद कुमार निवासी सुजानपुर (उत्तर प्रदेश) और 45 वर्षीय सुनीता उर्फ वीरी निवासी होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस कार्रवाई में बाइक भी जब्त की है।
मामले दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस : एएसपी
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिए हैं। सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी इतनी मात्रा में चिट्टा कहां से लाए थे और इसे कांगड़ा में आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें