Bilaspur News: 7 ग्राम चिट्टे से अंतर्राज्यीय नशा सप्लाई नैटवर्क का पर्दाफाश! पुलिस ने पंजाब से दबोचे 2 बड़े सप्लायर

Edited By Vijay, Updated: 13 Aug, 2026 04:14 PM

interstate drug supply network busted 2 suppliers arrested from punjab

हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बैकवर्ड लिंकेजके आधार पर जांच करते हुए स्वारघाट पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चिट्टा सप्लाई नैटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बैकवर्ड लिंकेजके आधार पर जांच करते हुए स्वारघाट पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चिट्टा सप्लाई नैटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की विशेष टीम ने पंजाब में दबिश देकर जलालाबाद (फाजिल्का) और रोपड़ (रूपनगर) से जुड़े 2 बड़े सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे नैटवर्क में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

11 अगस्त को हुई थी पहली गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार इस पूरे नैटवर्क का पर्दाफाश गत 11 अगस्त को हुई एक गिरफ्तारी से हुआ। स्पैशल डिटैक्शन टीम बिलासपुर ने एक नाकाबंदी के दौरान नालग-बरमाणा निवासी पंकज ठाकुर को 7.89 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना स्वारघाट में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन को खंगालने के लिए गहन तहकीकात शुरू की।

मोबाइल डाटा और मनी ट्रेल से खुली तस्करों की पोल
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी पंकज ठाकुर से कड़ी पूछताछ की और उसके मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्यों और बैंक ट्रांजैक्शन (मनी ट्रेल) का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में यह बात सामने आई कि पंकज ठाकुर हिमाचल के बिलासपुर क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई करने के लिए पंजाब के जलालाबाद निवासी आकाशदीप से नशा खरीदता था। इसके अलावा, इस पूरे सप्लाई नैटवर्क में रोपड़ (पंजाब) निवासी जगबीर सिंह की अहम भूमिका भी उजागर हुई।

पंजाब में पुलिस की रेड, ड्रग मनी और चिट्टा बरामद
कड़ियों को जोड़ते हुए स्वारघाट पुलिस की एक विशेष टीम ने पंजाब का रुख किया और वहां गुप्त रूप से दबिश दी। पुलिस ने आसमानपुर (जिला रूपनगर/रोपड़) निवासी जगबीर सिंह और बलुवाणा-जलालाबाद (जिला फाजिल्का) निवासी आकाशदीप को धर दबोचा। पुलिस टीम ने आरोपी आकाशदीप के कब्जे से 4.13 ग्राम चिट्टा और 37 हजार रुपए की ड्रग मनी (नशा बेचकर कमाया गया पैसा) भी बरामद की है।

आदतन अपराधी है आरोपी पंकज, पहले भी दर्ज हैं 4 मामले
पुलिस की क्राइम हिस्ट्री जांच में सामने आया है कि बिलासपुर का रहने वाला आरोपी पंकज ठाकुर एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में 4 मामले दर्ज हो चुके हैं। आरोपी के खिलाफ 15 दिसम्बर 2017 को थाना स्वारघाट में धारा 304ए व 337 आईपीसी के तहत केस, 16 अप्रैल 2021 को थाना झंडूता में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस, 3 नवम्बर 2021 को थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस और 21 सितम्बर 2022 को थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है। 

नशे की सप्लाई चेन को जड़ से खत्म करने का अभियान जारी : एसपी
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने इस सफल ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों नए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पंजाब के इस सप्लाई नैटवर्क से हिमाचल के और कौन-कौन से लोग जुड़े हैं और इस नशे का मुख्य स्रोत कहां है। एसपी ने स्पष्ट किया कि बिलासपुर पुलिस बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!