Shimla: कुपवी में भांग की अवैध खेती का भंडाफोड़, खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

Edited By Vijay, Updated: 17 Sep, 2026 03:40 PM

illegal cannabis farming busted case filed against farm owner

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला जिला की कुपवी पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती का भंडाफोड़ करते हुए खेतों में लहलहा रहे 811 भांग के पौधों को नष्ट किया है।

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला जिला की कुपवी पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती का भंडाफोड़ करते हुए खेतों में लहलहा रहे 811 भांग के पौधों को नष्ट किया है। इस मामले में पुलिस ने खेत मालिक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना
जानकारी के अनुसार, कुपवी पुलिस थाने की एक टीम मालत, कोठी और जुब्बली क्षेत्रों में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुपवी तहसील निवासी मंगत राम पुत्र चेतू ने अपने खेतों में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से भांग की खेती कर रखी है। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम ने तुरंत संबंधित गांव में दबिश दी। जब पुलिस ने खेतों की जांच की, तो वहां भारी मात्रा में भांग के पौधे उगे हुए पाए गए।

राजस्व विभाग की मौजूदगी में हुई निशानदेही
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तुरंत राजस्व विभाग के पटवारी को मौके पर तलब किया। पटवारी द्वारा संबंधित भूमि की निशानदेही करवाई गई, जिससे इस बात की पुष्टि हुई कि यह खेत आरोपी मंगत राम का ही है। भूमि की पहचान होने के बाद नायब तहसीलदार कुपवी की मौजूदगी में पुलिस टीम ने खेतों से भांग उखाड़ने का अभियान शुरू किया। पुलिस ने खेत से कुल 811 भांग के पौधे उखाड़े। इनमें से 791 पौधों को अधिकारियों के सामने मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि 20 पौधों को फोरैंसिक जांच के लिए सुरक्षित सील कर कब्जे में ले लिया गया।

दस्तावेज भी कब्जे में लिए, पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में पुलिस ने आरोपी खेत मालिक मंगत राम के खिलाफ पुलिस थाना कुपवी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही जमीन से जुड़े राजस्व दस्तावेजों को भी साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि यह अवैध खेती कब से की जा रही थी और इसका मुख्य उद्देश्य व सप्लाई चेन क्या थी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!