MC शिमला चुनाव को लेकर BJP ने जारी किया दृष्टिपत्र, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के पद पर राजीव बिंदल की नियुक्ति, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Edited By Vijay, Updated: 24 Apr, 2023 06:09 AM

himachal top 10 news

राज्य में मौसम की अठखेलियां जारी हैं और एक बार फिर 26 व 27 अप्रैल को जहां यैलो अलर्ट जारी किया गया है। शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने अपना दृष्टिपत्र जारी कर दिया है। नगर निगम शिमला चुनावों से पहले हिमाचल भाजपा को नया सरदार मिल गया है। भाजपा...

शिमला (ब्यूरो): राज्य में मौसम की अठखेलियां जारी हैं और एक बार फिर 26 व 27 अप्रैल को जहां यैलो अलर्ट जारी किया गया है। शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने अपना दृष्टिपत्र जारी कर दिया है। नगर निगम शिमला चुनावों से पहले हिमाचल भाजपा को नया सरदार मिल गया है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पद पर डॉ. राजीव बिंदल की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 4 वर्षों में पटरी पर लाया जाएगा, जिसके लिए कड़े फैसले लेने होंगे। मशोबरा स्थित राष्ट्रपति भवन 'द रिट्रीट' रविवार से आम लोगों को देखने के लिए खोल दिया गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर स्मार्ट सिटी के नाम पर वार्डों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल काॅलेज नेरचौक में रविवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने एमबीबीएस के प्रथम बैच के प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र बांटे। थाना सदर नाहन के अंतर्गत बनेठी पंचायत के बोहल गांव में रविवार को एक अज्ञात भ्रूण मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अम्ब-हमीरपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ट्रक के साथ स्कॉर्पियो कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो कार में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में 26 व 27 अप्रैल को फिर यैलो अलर्ट
राज्य में मौसम की अठखेलियां जारी हैं और एक बार फिर 26 व 27 अप्रैल को जहां यैलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं 24 व 25 अप्रैल को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर वर्षा व हिमपात होने की संभावनाएं है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य में एक-दो स्थानों पर हिमपात, वर्षा व ओलावृष्टि हुई है। 

भाजपा ने MC शिमला चुनावों को लेकर जारी किया दृष्टिपत्र
शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने अपना दृष्टिपत्र जारी कर दिया है। रविवार को नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और मैनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष गणेश दत्त ने शिमला में दृष्टिपत्र जारी किया, जिसमें जनता से कुल 21 वायदे किए गए हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के पद पर राजीव बिंदल की नियुक्ति
नगर निगम शिमला चुनावों से पहले हिमाचल भाजपा को नया सरदार मिल गया है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पद पर डॉ. राजीव बिंदल की नियुक्ति की गई है। ये नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की तरफ से की गई है। इन आदेशें को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। बता दें कि 2 दिन पहले ही सुरेश कश्यप ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था, जिसे स्वीकृति के लिए जेपी नड्डा को सौंपा गया था। इसके बाद अब डॉ. राजीव बिंदल को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।

हिमाचल की अर्थव्यवस्था को 4 वर्षों में पटरी पर लाएंगे
हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 4 वर्षों में पटरी पर लाया जाएगा, जिसके लिए कड़े फैसले लेने होंगे। पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति चिंताजनक है। इसके चलते सरकार को 6 हजार करोड़ रुपए का ऋण लेना पड़ा है। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने रविवार को मंडी शहर के देव संस्कृति सदन में आयोजित 2 दिवसीय हिमाचल मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के सिल्वर जुबली कार्यक्रम के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। 

आम लोगों के लिए खुला राष्ट्रपति भवन 'द रिट्रीट'
मशोबरा स्थित राष्ट्रपति भवन 'द रिट्रीट' रविवार से आम लोगो को देखने के लिए खोल दिया गया है। इसकी घोषणा गत दिन शिमला आई राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मू कर गई थी। पहले दिन काफी संख्या में लोग इसे देखने के लिए पहुंचे, जिनमें स्थानीय लोगों के अलावा कुफरी घूमने आए पर्यटकों ने भी भवन सहित यहां की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लिया।

प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर स्मार्ट सिटी के नाम पर वार्डों के साथ भेदभाव करने का लगाया आरोप
बीते 5 साल भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान के चलते शिमला शहर का विकास प्रभावित होकर रह गया। इतना ही नहीं पूर्व सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर भी कांग्रेस पार्षद वाले वार्डों के साथ भेदभाव किया गया। कांग्रेस इस भेदभाव को दूर कर शिमला के सभी वार्डों में लोगों की समस्याओं को दूर करेगी। रविवार को बैनमोर वार्ड में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने ये बात कही। 

अनुराग बोले-भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हुए सत्ता का आनंद उठाना कांग्रेस का काम
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। रविवार को चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के तहत मैड़ी में आयोजित एक जनसभा में अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी का काम भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हुए सत्ता में आकर आनंद उठाना है। 9 वर्ष पहले देश में पूरी तरह से भ्रष्टाचार का बोलबाला था लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत दुनिया की 5वीं अर्थव्यवस्था बन चुकी है। 

मेडिकल काॅलेज नेरचौक में MBBS प्रथम बैच के प्रशिक्षुओं को सीएम ने बांटे सर्टीफिकेट
श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल काॅलेज  नेरचौक में रविवार को एमबीबीएस के प्रथम बैच की पासिंग आऊट सैरेमनी आयोजित की जिसमें मुख्यातिथि के रूप में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने भाग लिया जबकि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद प्रधानाचार्य डाॅ. डीके वर्मा ने मुख्यमंत्री को शाल, टोपी व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

नाहन के बोहल गांव में खेत में मिला भ्रूण, पुलिस जांच में जुटी
थाना सदर नाहन के अंतर्गत बनेठी पंचायत के बोहल गांव में रविवार को एक अज्ञात भ्रूण मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह भ्रूण नाहन-कुमारहट्टी हाईवे से कुछ ही दूरी पर खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर मेडिकल काॅलेज नाहन पहुंचाया। वहीं चिकित्सीय राय और पुलिस की अभी तक की जांच के मुताबिक यह भ्रूण करीब 5 महीने का बताया जा रहा है।

अम्ब-हमीरपुर एनएच पर ट्रक व स्कॉर्पियो में टक्कर, 8 लोग घायल
अम्ब-हमीरपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ट्रक के साथ स्कॉर्पियो कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो कार में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार रविवार शाम को अम्ब-नादौन मार्ग पर ज्वार के समीप उस समय हादसा हुआ जब स्कॉर्पियो नादौन की ओर जा रही थी। दुर्घटना के दौरान स्कॉर्पियो के पीछे आ रही एक वैन्यू कार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 

Related Story

Trending Topics

IPL
Lucknow Super Giants

Royal Challengers Bengaluru

Teams will be announced at the toss

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!