Edited By Vijay, Updated: 23 Apr, 2023 07:07 PM

बीते 5 साल भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान के चलते शिमला शहर का विकास प्रभावित होकर रह गया। इतना ही नहीं पूर्व सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर भी कांग्रेस पार्षद वाले वार्डों के साथ भेदभाव किया गया। कांग्रेस इस भेदभाव को दूर कर शिमला के सभी वार्डों में...
शिमला (राक्टा): बीते 5 साल भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान के चलते शिमला शहर का विकास प्रभावित होकर रह गया। इतना ही नहीं पूर्व सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर भी कांग्रेस पार्षद वाले वार्डों के साथ भेदभाव किया गया। कांग्रेस इस भेदभाव को दूर कर शिमला के सभी वार्डों में लोगों की समस्याओं को दूर करेगी। रविवार को बैनमोर वार्ड में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में पूर्व भाजपा सरकार की ऐसी कोई भी उपलब्धि नहीं है, जिसके लिए वह लोगों से वोट मांग सके। कांग्रेस शहर के हर वार्ड में लोगों के लिए बुक कैफे व युवाओं के लिए ओपन जिम खोलेगी और जिन वार्ड में जिम खुले हैं, उन्हें सशक्त किया जाएगा।
पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने के हर वर्ष आयोजित होगा पुस्तक मेला
प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिमला में पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रति वर्ष राष्ट्रीय स्तर का पुस्तक मेला भी आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने व पार्किंग, स्ट्रीट लाइटों व सड़कों, पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे। इस दौरान उनके साथ विधायक हरीश जनारथा, कांग्रेस उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान पूर्व महापौर नरेंद्र कटारिया, मनोज कुमार, शिनम कटारिया सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता भी मौजूद रहे।
जनता को गुमराह करने में भाजपा नंबर वन
प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे भाजपा के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को गुमराह करने में नंबर वन है। शिमला नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है और इसे किसी भी प्रकार से हल्के से न लिया जाए।
अनुशासनहीनता नहीं होगी सहन
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को पूरी एकजुटता के साथ पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करने को कहा। उन्होंने चेताया कि पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत आती है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार से वार्ड स्तर पर भाजपा शुरू करेगी नुक्कड़ सभाएं
निगम चुनाव को धार देते हुए विपक्षी दल भाजपा सोमवार से वार्ड स्तर पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन करेगी। इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता वार्ड स्तर पर नुक्कड़ सभाएं करेंगे और शहर के विकास को लेकर जनता के सामने पार्टी का विजन रखेंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कर्ण नंदा ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे कर के दिखाती है जबकि कांग्रेस केवल जनता को गुमराह करना जानती है।
आप का प्रचार भी पकड़ने लगा जोर
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने रविवार को लोअर बाजार सहित अन्य वार्डों में चुनावी प्रचार किया। उन्होंने कहा कि निगम चुनाव को लेकर पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी कर चुकी है और निगम में काबिज होने पर तय समय में सभी वायदे पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिमला की जनता को कांग्रेस और भाजपा ने केवल गुमराह किया है, इसी का परिणाम है कि आज भी शहर की जनता मूलभूत सुविधाओं को तरस रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here