Edited By Vijay, Updated: 11 Sep, 2026 09:07 PM

भारतीय जनता पार्टी के हिमाचल प्रदेश परिवहन प्रकोष्ठ ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मनोज कुमार राणा ने राज्य के शीर्ष नेतृत्व से विस्तृत चर्चा के बाद प्रदेश के सभी 17 संगठनात्मक जिलों....
शिमला (ब्यूरो): भारतीय जनता पार्टी के हिमाचल प्रदेश परिवहन प्रकोष्ठ ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मनोज कुमार राणा ने राज्य के शीर्ष नेतृत्व से विस्तृत चर्चा के बाद प्रदेश के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में नए जिला संयोजकों की नियुक्ति कर दी है। संगठन की ओर से जारी आदेश के अनुसार ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
नवनियुक्त संयोजकों की सूची जारी करते हुए प्रदेश संयोजक मनोज कुमार राणा ने बताया कि अमित चड्ढा को शिमला, सुभाष चंद को देहरा, संदीप शर्मा को ऊना और भूपेन्द्र रावत को सुंदरनगर का जिला संयोजक बनाया गया है। इसी तरह, कुल्लू से नूप राम, हमीरपुर से विनोद सोनी, बिलासपुर से राजेश पटियाल, महासू से पप्पू रांझटा, पालमपुर से मदन चौधरी और कांगड़ा से विनय वैदी को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा चंबा जिले से नरेश महाजन, सोलन से प्रमोद शर्मा, सिरमौर से राहुल तोमर, मंडी से नरेन्द्र ठाकुर, नूरपुर से केवल कलोत्रा, किन्नौर से सीता राम नेगी तथा जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति से सोनम तंजिन को जिला संयोजक के पद पर नियुक्त किया गया है।
इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य स्पष्ट करते हुए मनोज कुमार राणा ने कहा कि नवनियुक्त जिला संयोजक परिवहन क्षेत्र (बस, टैक्सी, ट्रक ऑप्रेटर आदि) से जुड़े लोगों की समस्याओं और उनके महत्वपूर्ण सुझावों को सीधे पार्टी संगठन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उनका मुख्य कार्य प्रकोष्ठ को जिला स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाना होगा। इसके साथ ही, सभी संयोजक संगठन के कार्यक्रमों और गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हुए परिवहन क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करेंगे।
परिवहन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ने सभी 17 नवनियुक्त जिला संयोजकों को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी संगठन द्वारा सौंपे गए इस दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे, जिससे आने वाले समय में पार्टी और परिवहन प्रकोष्ठ को और अधिक मजबूती मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें