Edited By Kuldeep, Updated: 09 Sep, 2026 09:00 PM

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को एक बार फिर उनके उत्कृष्ट संसदीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।
हमीरपुर (राजीव): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को एक बार फिर उनके उत्कृष्ट संसदीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। उनकी अध्यक्षता वाली कोयला, खान व इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति को भी वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित डा. अम्बेदकर इंटरनैशनल सैंटर में आयोजित 16वें संसद रत्न पुरस्कार समारोह में मूल रिपोर्टों की प्रस्तुति में उत्कृष्ट प्रदर्शन की श्रेणी में प्रदान किया गया।
अनुराग ठाकुर के नेतृत्व वाली समिति इस वर्ष संसद के दोनों सदनों की चयनित चार संसदीय समितियों में शामिल है, जिन्हें संसद की प्रभावी निगरानी और उत्कृष्ट कार्य के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया है। अनुराग ठाकुर ने पुरस्कार प्राप्त करते हुए जूरी सदस्यों तथा प्राइम प्वाइंट फाऊंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह सम्मान समिति के सभी सदस्यों तथा समिति सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, गहन शोध, निरंतर परिश्रम व प्रभावी संसदीय निगरानी का परिणाम है।
64 बैठकें और 29 व्यापक रिपोर्टें
अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में कोयला, खान व इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने जून, 2024 से अब तक 64 बैठकें आयोजित कर 29 व्यापक रिपोर्टें प्रस्तुत की हैं। समिति ने महत्वपूर्ण रणनीतिक विषयों पर गहन अध्ययन व समीक्षा की है। समिति का कार्य भारत की ऊर्जा सुरक्षा, खनिज संसाधनों की उपलब्धता, औद्योगिक विकास व आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्यों से सीधे जुड़ा हुआ है। समिति की रिपोर्टों में दीर्घकालिक आर्थिक एवं बुनियादी ढांचे की मजबूती से जुड़े विषयों पर ठोस सुझाव प्रस्तुत किए गए हैं।
संसदीय जिम्मेदारियों में सक्रिय भूमिका
अनुराग ठाकुर वर्तमान में कोयला, खान व इस्पात संबंधी स्थायी समिति की अध्यक्षता के अलावा लोक लेखा समिति तथा विद्युत मंत्रालय की सलाहकार समिति में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके साथ ही वह वन नेशन, वन इलैक्शन पर संयुक्त संसदीय समिति, 130वें संविधान संशोधन विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति तथा विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान से संबंधित संयुक्त संसदीय समिति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण संसदीय निकायों में योगदान दे रहे हैं। वह अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी संसदीय कूटनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं तथा वह भारत-यूरोपीय संघ संसदीय मैत्री समूह के अध्यक्ष हैं तथा विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय संसदीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
संसदीय उपलब्धियों का गौरवपूर्ण रिकॉर्ड
अनुराग ठाकुर को इससे पहले 2019 में व्यक्तिगत रूप से संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2019 में ही उन्हें उनके प्रभावशाली सामाजिक कार्यों के लिए चैंपियंस ऑफ चेंज अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। वहीं वर्ष 2011 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ युवा सांसद पुरस्कार प्राप्त हुआ था, जबकि 2014 में विश्व आर्थिक मंच ने उन्हें यंग ग्लोबल लीडर के रूप में मान्यता दी थी। बता दें कि अनुराग ठाकुर को प्राप्त यह नया सम्मान उनके सक्रिय, परिणामोन्मुख व प्रभावी संसदीय कार्य की निरंतरता को दर्शाता है। इसी के साथ उनके नेतृत्व वाली संसदीय समिति को मिला संसद रत्न पुरस्कार हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है।