Edited By Vijay, Updated: 31 Jul, 2026 06:06 PM

मंडी जिले के उपमंडल धर्मपुर के तहत आते कुसरी (रोह) गांव में वीरवार देर शाम एक पोल्ट्री फार्म में अचानक भयंकर आग भड़क गई, जिससे पूरा फार्म जलकर राख हो गया।
धर्मपुर (शर्मा): मंडी जिले के उपमंडल धर्मपुर के तहत आते कुसरी (रोह) गांव में वीरवार देर शाम एक पोल्ट्री फार्म में अचानक भयंकर आग भड़क गई, जिससे पूरा फार्म जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में भारी आर्थिक नुक्सान के साथ-साथ सैंकड़ों मुर्गे जिंदा जल गए। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार यह पोल्ट्री फार्म बरोटी डाकघर के तहत आने वाले गांव रोह निवासी किशन चन्द पुत्र स्वर्गीय चिमनू राम का था। आग ने इतनी तेजी से पूरे फार्म को अपनी चपेट में लिया कि अंदर रखे करीब 150 से 200 मुर्गों को बाहर निकालने का मौका ही नहीं मिला और वे जिंदा जल गए। इसके अलावा पोल्ट्री से जुड़ा अन्य सारा सामान और फीड भी आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार फार्म मालिक किशन चन्द को इस अग्निकांड में लगभग एक लाख रुपए का आर्थिक नुक्सान हुआ है।
बताया जा रहा है कि पोल्ट्री फार्म में आग वीरवार शाम करीब 8:30 बजे लगी। आग की लपटें उठती देख जब शोर मचाया गया तो आसपास के लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया और इसे आगे फैलने से रोका।
प्रारंभिक जांच में पोल्ट्री फार्म में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के स्पष्ट कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें