Una News: अघोषित बिजली कटों से परेशान उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, विद्युत बोर्ड के खिलाफ की नारेबाजी

Edited By Vijay, Updated: 16 Jul, 2026 07:37 PM

consumers raised slogans against electricity board

शहर में लगातार लग रहे अघोषित बिजली कटों और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का धैर्य आखिरकार गुरुवार को जवाब दे गया। बिजली कटों से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने मिनी सचिवालय परिसर में पहुंचकर विद्युत बोर्ड के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन...

ऊना (मनोहर): शहर में लगातार लग रहे अघोषित बिजली कटों और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का धैर्य आखिरकार गुरुवार को जवाब दे गया। बिजली कटों से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने मिनी सचिवालय परिसर में पहुंचकर विद्युत बोर्ड के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे एक बड़ा जन आंदोलन करेंगे और जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन के उपरांत लोगों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल को एक ज्ञापन भी सौंपा।

ओवरलोड हो रहे पुराने ट्रांसफार्मर, जनता परेशान
ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने बताया कि नगर निगम ऊना के पुराने वार्ड संख्या 5, 6, 7, 8 और 11 के निवासी काफी लंबे समय से बिजली की भारी किल्लत झेल रहे हैं। इन वार्डों में आबादी और बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में काफी वृद्धि हो चुकी है, लेकिन कई स्थानों पर आज भी पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर ही लगे हुए हैं। क्षमता से अधिक भार (ओवरलोड) होने के कारण ट्रांसफार्मर जवाब दे जाते हैं और बार-बार बिजली गुल हो जाती है। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा छोटे बच्चों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों, रोगियों और स्थानीय व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।

रात 10 बजे बिजली जाए तो सीधा सुबह होती है बहाल
प्रदर्शन में मौजूद पूर्व नप अध्यक्ष पुष्पा देवी, पूर्व पार्षद नवदीप कश्यप, ममता कश्यप और भाजयुमो नेता विनय शर्मा ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि रात 10 बजे बिजली चली जाए, तो वह सीधा सुबह ही बहाल होती है। इसका कारण यह है कि रात 10 बजे के बाद विद्युत शिकायत केंद्र में कोई भी कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं होता। पूरी रात बिजली न होने के बावजूद उपभोक्ताओं को कोई सहायता नहीं मिलती। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर भी तंज कसते हुए कहा कि सरकार जनता पर सैस तो लगाती जा रही है, लेकिन जनसमस्याओं के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है।

शिकायत केंद्र 24 घंटे चालू रखने और नए ट्रांसफार्मर की मांग
लोगों ने प्रशासन से प्रमुख रूप से दो मांगें रखी हैं। पहली शहर में लो-वोल्टेज की समस्या खत्म करने के लिए ट्रांसफार्मर बढ़ाए जाएं और दूसरी विद्युत शिकायत केंद्र में 24 घंटे (विशेषकर रात 10 बजे के बाद) कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, इसके लिए विभाग चाहे नए कर्मचारी रखे या शिफ्टों में ड्यूटी लगाए।

एसडीएम ने दिया समाधान का आश्वासन
एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने प्रदर्शनकारी लोगों की समस्याओं और शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने ज्ञापन स्वीकार करते हुए जनता को आश्वासन दिया है कि इस समस्या का जल्द से जल्द उचित समाधान किया जाएगा। इस रोष प्रदर्शन में कैप्टन चरणदास, बंटू, जोगिन्द्रो देवी, संतोष, ऊषा, रजनी देवी, नीलम कुमारी, सुखदेव, नरेश कुमार, रविन्द्र कौर, सुनीता देवी, प्रवीण पुरी, विनोद पुरी और विकास पुरी सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!