Edited By Kuldeep, Updated: 13 Sep, 2026 06:31 PM

पावन शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। इस रविवार को पिछले सप्ताह के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया।
चिंतपूर्णी (राकेश): पावन शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। इस रविवार को पिछले सप्ताह के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया। भक्तों की डबल लाइन मुख्य मार्ग पर स्थित शेरे पंजाब होटल माधो टिल्ला के आगे तक जा पहुंची। भीड़ बढ़ने का मुख्य कारण शनिवार रात को चिंतपूर्णी में आयोजित जगराता रहा, जिसमें मशहूर पंजाबी भजन गायक मनी लाडला ने मां का गुणगान किया।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर न्यास चिंतपूर्णी द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा कर्मचारी बैरिकेड्स लगाकर श्रद्धालुओं को लाइन व्यवस्था के तहत दर्शन करने के लिए प्रेरित करते रहे। सुरक्षा कर्मियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए थे कि चोर रास्तों से कोई भी बाहरी व्यक्ति लाइन में न घुस पाए। भीड़ के चलते श्रद्धालुओं को माता रानी की पिंडी के दर्शन करने के लिए 2 से 3 घंटे का समय लगा।
हालांकि मंदिर प्रशासन द्वारा लागू की गई सुगम दर्शन प्रणाली बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए बड़ी मददगार साबित हुई, जिन्होंने पास बनाकर आसानी से माता के चरणों में शीश नवाया। सरकारी आंकड़ों के अनुसार रविवार को 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पूजा-अर्चना की। पंजाब से आए श्रद्धालु रमनप्रीत ने मंदिर की व्यवस्थाओं पर कहा कि पहले के मुकाबले सुधार तो है लेकिन मंदिर न्यास को अभी बहुत काम करने की जरूरत है। उन्होंने मांग की कि कतार में खड़े होने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक पक्के प्लेटफॉर्म का निर्माण होना चाहिए, ताकि भक्तों की लाइनें सड़कों तक न आएं और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो।
मंदिर का विस्तारीकरण कार्य शुरू
इस संबंध में मंदिर अधीक्षक पंकज शर्मा ने बताया कि अक्सर शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होती है। श्रद्धालुओं की भीड़ होने के बावजूद मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए प्रयासरत रहता है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत मंदिर के विस्तारीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। आने वाले समय में श्रद्धालुओं को चिंतपूर्णी में विश्व स्तरीय सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।