Edited By Vijay, Updated: 22 Oct, 2026 03:19 PM

ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार को बड़ा सड़क हादसा पेश आया। उपमंडल अम्ब के तहत आते बीजापुर (कुठियाड़ी के समीप) में एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपाते हुए कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
अम्ब (अश्विनी): ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार को बड़ा सड़क हादसा पेश आया। उपमंडल अम्ब के तहत आते बीजापुर (कुठियाड़ी के समीप) में एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपाते हुए कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
अनियंत्रित होकर वाहनों को रौंदता चला गया ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरवार सुबह एक ट्रक ऊना की तरफ से अम्ब की ओर तेज रफ्तार में आ रहा था। बीजापुर पहुंचने पर चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और सबसे पहले सड़क पर चल रही एक कार को जोरदार टक्कर मारी। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक ने वहां से गुजर रही एक बोलेरो पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर रूप से घायल युवक ऊना रैफर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया। घायलों की पहचान अभिषेक (25) निवासी नकड़ोह, बाबू राम (61) निवासी हरिपुर, गोल्डी सिंह (40) व उनकी पत्नी सबिता (35) निवासी कटौहड़ खुर्द, आदित्य (23) निवासी अम्बाला (हरियाणा) और विशाल (23) निवासी लोअर अन्दौरा के रूप में हुई है। सिविल अस्पताल अम्ब में प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया है। अन्य पांच घायलों का अम्ब अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।
पुलिस ने वाहन कब्जे में लिए, मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही अम्ब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाने के साथ-साथ जांच शुरू की। डीएसपी अम्ब, अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की संबंधित धाराओं के तहत मामला (FIR) दर्ज कर लिया गया है और हादसे के असल कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें