Edited By Kuldeep, Updated: 25 Oct, 2026 06:55 PM

चोरी भाजपा का एक मूल मंत्र हो गया है। चाहे सरकारें चोरी करनी हों, चाहे विधायक चोरी करने हो, चाहे वोट चोरी करना हो या चंदा चोरी करना हो, चोरी करना भाजपा का राजनीतिक आधार बन गया है।
ऊना (विशाल): चोरी भाजपा का एक मूल मंत्र हो गया है। चाहे सरकारें चोरी करनी हों, चाहे विधायक चोरी करने हो, चाहे वोट चोरी करना हो या चंदा चोरी करना हो, चोरी करना भाजपा का राजनीतिक आधार बन गया है। यह बात ऊना जिला मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कही।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग खुद भुगतभोगी हैं। यहां पर सरकार चोरी का प्लान किया गया और ऑप्रेशन लोटस किया गया, लेकिन हमारी सरकार ने डटकर मुकाबला किया और भाजपा के लोटस को फेल किया। अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा 9 विधायक चोरी करके ले गई लेकिन फिर भी कांग्रेस सरकार ने 4 साल पूरे किए हैं। अन्य जगहों पर भी ऐसे ही प्रकरण हुए हैं। चंदा चोरी और वोट चोरी हो रही है।
राहुल गांधी पहले से कहते आ रहे थे कि चोरी हो रही है और अब यह बातें सच साबित हुई हैं। देश की आंखों में धूल झोंकी जा रही है। उन्होंने कहा कि 3 इलैक्शन कमीशन में से 2 ने आपत्ति जताई और देश के सामने मामला आया। पूरे देश में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन चल रहा है। वोट चोरी के आंदोलन को कांग्रेस पार्टी लीड कर रही है। यह लड़ाई सत्ता की नहीं है, यह सिद्धांतों की लड़ाई है।
राहुल गांधी इस लड़ाई में पूरे देश में अलख जगा रहे हैं और इसके चलते इसका निर्णायक रिजल्ट निकलेगा। जिन लोगों ने चोरी की है, उनका कच्चा चिट्ठा जनता के सामने रखा जाएगा। अग्निहोत्री ने कहा कि जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकार नहीं बनती, वहां यह हथकंडे अपनाकर अपनी सरकार बनाने के लिए चोरी करते हैं।
हिमाचल प्रदेश के लोग तो खुद देख चुके हैं कि सरकारें कैसे चोरी होती हैं, एमएलए कैसे चोरी होते हैं और वोट कैसे चोरी होते हैं। देश ने देखा था कि सरकार ही चोरी हो गई थी और विधायक ही चोरी हो गए थे। अग्निहोत्री ने कहा कि वोट चोरी आंदोलन के लिए प्रदेश से काफी संख्या में लोग दिल्ली जाएंगे और आंदोलन को सफल बनाएंगे।