मंत्री वीरेंद्र कंवर ने जनता को दी सौगात, नालागढ़ में की लाखों की घोषणाएं व शिलान्यास

Edited By Vijay, Updated: 17 Jan, 2020 07:49 PM

cabinet minister virender kanwar in nalagarh

ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव तथा गरीब जन तक अधोसंरचना का लाभ पहुंचाने और भारतीय संस्कृति के अभिन्न अंग गाय के संवद्र्धन एवं गौवंश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वह शुक्रवार को...

नालागढ़ (आदित्य): ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव तथा गरीब जन तक अधोसंरचना का लाभ पहुंचाने और भारतीय संस्कृति के अभिन्न अंग गाय के संवद्र्धन एवं गौवंश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वह शुक्रवार को सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जगतपुर के गांव बनियाला, ग्राम पंचायत कश्मीरपुर के कटीरड़ू माजरा तथा ग्राम पंचायत भोगपुर स्थित महादेव गऊशाला में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इससे पूर्व नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 90 लाख रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया एवं घोषणाएं कीं।

मंत्री ने ग्राम पंचायत जगतपुर के बनियाला में 30 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले मुख्यमंत्री लोकभवन का शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर बनियाला गांव में तूड़ी शैड के निर्माण के लिए 10 लाख रुपए उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की। इसके अलावा ग्राम पंचायत कश्मीरपुर के कटीरड़ू माजरा गांव में 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन की आधारशिला, ग्राम पंचायत नवाग्राम में पंचायत घर से मेलाराम के आवास तक 12 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले संपर्क मार्ग का भूमि पूजन, ग्राम पंचायत भोगपुर के बोथुआं में 7 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले आंगनबाड़ी केंद्र के भवन तथा ग्राम पंचायत भोगुपर स्थित महादेव गऊशाला में 8 लाख रुपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले बायोगैस प्लांट की आधारशिला रखी। उन्होंने महादेव गऊशाला में तूड़ी शैड के निर्माण के लिए 15 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव को पूर्ण सुविधायुक्त इकाई बनाने की दृष्टि से योजनाबद्ध कार्य कर रही है। गांव के विकास के लिए समुचित धन उपलब्ध करवाया जा रहा है। यह प्रयास किया जा रहा है कि प्रदेश के सभी गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि आमजन के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की जा रही हैं। वृद्धावस्था पैंशन की आयु सीमा को 80 से घटाकर 70 वर्ष करने के निर्णय से 1.30 लाख वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए हैं वहीं वर्तमान में 3.56 लाख से अधिक वृद्ध जनों को प्रतिमाह 1500 रुपए की सामाजिक सुरक्षा पैंशन दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के लिए सिरमौर जिला के कोटला बड़ोग में 1.52 करोड़, सोलन जिला के हाड़ा-कुंडी में 2.97 करोड़ तथा ऊना जिला के थानाकलां खास में 1.69 करोड़ रुपए की लागत से काऊ सैक्चुरी निर्मित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में भी शीघ्र ही इस दिशा में कार्य आरंभ किया जाएगा। प्रदेश में गौसदनों के निर्माण व विस्तार के लिए 1.20 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि गौवंश बेसहारा न रहे।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ सेवा को सर्वोत्तम माना गया है और इस दिशा में आमजन का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने इससे पूर्व लोगों की जन समस्याएं सुनीं और इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों व सचिवों को निर्देश दिए कि विभिन्न निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखें और तालाब तथा चैकडैम जैसी जल संरक्षण योजनाओं का आकलन शीघ्र तैयार करें और इन कार्यों को मनरेगा के तहत करवाना सुनिश्चित करें।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!