HRTC में होगी चालक-परिचालकों की भर्ती, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने की घोषणा

Edited By Vijay, Updated: 18 Sep, 2026 09:38 PM

deputy cm mukesh agnihotri

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।

नगरोटा बगवां (दुसेजा): हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने जहां जल शक्ति विभाग के विभिन्न प्रोजैक्ट्स का उद्घाटन किया, वहीं हिमाचल पथ परिवहन निगम को सुदृढ़ करने के लिए नई भर्तियों और नई बसों की खरीद को लेकर कई अहम घोषणाएं भी कीं। उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जल शक्ति विभाग की करीब 150 करोड़ रुपए की लागत वाली विभिन्न उठाऊ सिंचाई पेयजल तथा मल सीवरेज योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

10 इलैक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, नगरोटा बगवां से बड़ोह तक किया सफर
परिवहन विभाग का जिम्मा संभाल रहे मुकेश अग्निहोत्री ने नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पश्चात उन्होंने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक आरएस बाली के साथ नगरोटा बगवां से बड़ोह तक बस में यात्रा कर सुविधाओं का जायजा भी लिया। वहीं उपमुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि एचआरटीसी में जल्द ही चालकों और परिचालकों के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। एचआरटीसी को हिमाचल प्रदेश के लोगों की जीवनरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निगम को आर्थिक और ढांचागत रूप से मजबूत करने का काम कर रही है।

500 पुरानी बसें हटाकर 297 नई इलैक्ट्रिक बसें शामिल करने की प्रक्रिया जारी
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि एचआरटीसी के बेड़े से 500 पुरानी बसों को हटाया जा रहा है। उनकी जगह 297 नई इलैक्ट्रिक बसों को निगम में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा, लंबे रूटों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 200 नई डीजल बसें भी खरीदी जाएंगी। अग्निहोत्री ने यह भी ऐलान किया कि राज्य सरकार की योजना निगम के लिए 1,000 नई इलैक्ट्रिक बसें खरीदने की है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।

पूर्व भाजपा सरकार पर साधा निशाना
उपमुख्यमंत्री ने बसों की कमी के लिए पिछली भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में एचआरटीसी के लिए नई बसें नहीं खरीदी गईं। इसी कारण निगम में बसों की भारी कमी हो गई थी, जिसे अब वर्तमान सरकार दूर कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!