'मोदी सरकार की हिटलरशाही के खिलाफ होगा जन आंदोलन', कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने साधा निशाना

Edited By Vijay, Updated: 24 Sep, 2026 08:45 PM

congress state incharge rajni patil

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि देश हिटलरशाही की ओर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार सीबीआई, ईडी व यहां तक कि चुनाव आयोग का अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ दुरुपयोग कर रही है।

सोलन (नरेश पाल): कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि देश हिटलरशाही की ओर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार सीबीआई, ईडी व यहां तक कि चुनाव आयोग का अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ दुरुपयोग कर रही है। इस कारण कांग्रेस के पास मोदी सरकार के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। शुक्रवार को कांग्रेस निर्वाचन आयोग शिमला के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने सोलन में ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन को संबाेधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी पिछले 20 वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने पहले जल-जंगल-जमीन के लिए आंदोलन किया। वह बिल पास करवाया। कोरोना को लेकर राहुल गांधी ने ही सबसे पहले भविष्यवाणी की थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे उस समय गंभीरता से नहीं लिया। चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर राहुल गांधी ने पहले सवाल खड़ा किया। यह नतीजा भी सबके सामने है। मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करना ही हमारा लक्ष्य है। इसके लिए हम सभी को एकजुटता के साथ कांग्रेस के लिए काम करना होगा।

सरकार और संगठन में तालमेल बनाने आई हूं
रजनी पाटिल ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में सुक्खू सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में अपनी कई गारंटियों को पूरा करने में कामयाब रही है। केंद्र सरकार से किसी भी प्रकार की मदद न मिलने के बावजूद सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है। उनकी जिम्मेदारी केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना प्राथमिकता है। पार्टी संगठन और सरकार के बीच समन्वय मजबूत होगा तो कार्यकर्त्ताओं की बात भी प्रभावी ढंग से आगे पहुंचाई जा सकेगी।

मिशन रिपीट कांग्रेस का लक्ष्य : विधित चौधरी
कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी विधित चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य विधानसभा चुनाव में फिर से सरकार बनाना है। इसके लिए कार्यकर्त्ताओं को आज से आगाज करना होगा। प्रदेश में नहीं, बल्कि पूरे देश में मोदी सरकार के खिलाफ माहौल है। देश की जनता राहुल गांधी के साथ खड़ी हो चुकी है। कांग्रेस के इस सम्मेलन में उमड़ा जनसमूह बता रहा है कि प्रदेश के लोग कांग्रेस के साथ थे और कांग्रेस के साथ ही रहेंगे।

68 निर्वाचन क्षेत्रों में होंगे सम्मेलन : विनय कुमार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि सोलन ब्लाॅक की तर्ज पर सभी 68 निर्वाचन क्षेत्रों में सम्मेलन होंगे। विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज बुधवार को उनके निर्वाचन क्षेत्र से हो चुका है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्त्ताओं का काम है। इसलिए सभी पार्टी की मजबूती के लिए काम करें।

सुक्खू सरकार आम लोगों की सरकार : धनी राम  शांडिल
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि सुक्खू सरकार आम लोगों के कल्याण की सरकार है। पहले दिन से ही सरकार आम जनता के लिए काम कर रही है। कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग को हो रहा है।
 

हिमाचल में कांग्रेस एकजुट, भाजपा के कई गुट : विनोद जिंटा
कांग्रेस संगठन मंत्री विनोद जिंटा ने बताया कि हिमाचल में कांग्रेस एकजुट है, जबकि दूसरी ओर भाजपा के कई गुट हैं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इसलिए पार्टी कार्यकर्त्ता आज से पार्टी की मजबूती के काम करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!