Edited By Vijay, Updated: 06 Aug, 2026 10:20 PM

पुलिस जिला बद्दी के तहत नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 22.99 ग्राम चिट्टा बरामद...
बीबीएन (शेर सिंह): पुलिस जिला बद्दी के तहत नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 22.99 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इन दोनों मामलों में 3 तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।
पहली कार्रवाई नालागढ़ पुलिस थाना की टीम द्वारा अमल में लाई गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने झंडियां शेरी क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.84 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी शिव कुमार पुत्र मदन लाल, निवासी गांव प्लासड़ा कालू, डाकघर नंगल, तहसील नालागढ़, जिला सोलन को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी बड़ी कार्रवाई पुलिस की स्पैशल टास्क फोर्स ने ढे़रोवाल बैरियर के समीप की। यहां नाकाबंदी के दौरान एसटीएफ टीम ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन की गहनता से तलाशी लेने पर पुलिस को 16.16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने पिकअप सवार 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान असलम उर्फ सल्लू पुत्र दिलवर, निवासी गांव नानोवाल खेड़ा, तहसील नालागढ़ और भूपेन्द्र सिंह पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव टिक्करी, डाकघर बघेरी, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है।
नशा माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा : एएसपी
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने बरामद चिट्टे को नियमानुसार कब्जे में ले लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इन तस्करों के नैटवर्क को खंगालने में जुटी है। एएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें