Edited By Kuldeep, Updated: 13 Sep, 2026 10:58 PM

नालागढ़ के तहत महुआ में स्थित जालपा माता मंदिर के स्टोर रूम से चोर माता के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए।
बीबीएन (शेर सिंह): नालागढ़ के तहत महुआ में स्थित जालपा माता मंदिर के स्टोर रूम से चोर माता के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए। मंदिर कमेटी ने इस बारे पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार जालपा माता मंदिर के पास मंदिर का कार्यालय है और उसके अंदर ही स्टोर रूम हैं, जहां पर अलमारी में माता के आभूषण रखे थे। चोरों ने कार्यालय, स्टोर रूम व अलमारी का ताला तोड़कर करीब 4 ताेले सोने-चांदी के छतर, मुकुट तथा करीब 300 ग्राम चांदी के अन्य आभूषण चोरी कर लिए। इसी तरह चोर कैमरा और उसकी डीवीआर भी उखाड़कर ले गए।
रविवार दोपहर बाद लोगों ने कार्यालय, स्टोर रूम व अलमारी का ताला टूटा हुआ देखा और जांच की तो पाया कि अलमारी के अंदर माता के सोने-चांदी के आभूषण नहीं थे। मंदिर कमेटी के प्रधान प्रेम लाल भारद्वाज ने बताया कि पहले भी मंदिर के दानपात्र को चोरी करने का प्रयास किया गया था, इसलिए मंदिर कमेटी द्वारा माता के सोने-चांदी के आभूषण स्टोर रूम में अलमारी में रखा जाता था और नवरात्रों में ही इन आभूषणों का प्रयोग किया जाता था। उन्होंने बताया कि चोरी के बारे में पुलिस थाना नालागढ़ में शिकायत दर्ज करवा दी है और पुलिस ने मौके पर आकर जांच शुरू कर दी है।