Edited By Vijay, Updated: 26 Jun, 2026 10:48 PM

मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नलवागी के अंतर्गत आते सलोट गांव में कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिला है। वीरवार शाम को जंगल में अचानक आसमानी बिजली गिरने से एक भेड़पालक की करीब 20 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
पंडोह (देशराज): मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नलवागी के अंतर्गत आते सलोट गांव में कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिला है। वीरवार शाम को जंगल में अचानक आसमानी बिजली गिरने से एक भेड़पालक की करीब 20 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस प्राकृतिक आपदा के कारण भेड़पालक को भारी आर्थिक नुक्सान का सामना करना पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सलोट गांव का रहने वाला भेड़पालक तारा चंद रोजाना की तरह वीरवार को भी अपनी बकरियों को चराने के लिए जंगल ले गया था। शाम के समय अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश से बचने के प्रयास में बकरियों का झुंड जंगल में अलग-अलग दिशाओं में बिखर गया। इस दौरान तारा चंद कुछ बकरियों को लेकर पीछे ही रह गया था, जबकि बाकी बकरियां आगे निकल गई थीं। इसी बीच अचानक तेज गर्जना के साथ आगे मौजूद बकरियों पर आसमानी बिजली गिर गई। कुछ देर बाद जब तारा चंद उन्हें ढूंढते हुए वहां पहुंचा, तो अपनी 20 बकरियों को जमीन पर मृत पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए।
इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत नलवागी के प्रधान अनिल कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। गरीब पशुपालक तारा चंद की रोजी-रोटी छिनने पर दुख जताते हुए, पंचायत प्रधान ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि पीड़ित को जल्द से जल्द उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उसे हुए इस भारी आर्थिक नुक्सान की कुछ हद तक भरपाई हो सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें