Edited By Kuldeep, Updated: 15 Jul, 2026 06:48 PM

सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में महिला अध्यापिका की आत्महत्या मामले में पुलिस ने पति, सास-ससुर और ननद को गिरफ्तार कर लिया है।
सुंदरनगर (सोढी): सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में महिला अध्यापिका की आत्महत्या मामले में पुलिस ने पति, सास-ससुर और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई है। शिकायत में बताया गया है कि मृतका जयदेवी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में व्यावसायिक अध्यापिका के रूप में कार्यरत थी तथा अपने पति के साथ किराए के मकान में रह रही थी। आरोप हैं कि पति, सास-ससुर और ननद द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना दिए जाने के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चारों आरोपियों को मंगलवार रात को ही गिरफ्तार कर लिया था। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को मैडीकल कालेज में करवाया गया तथा दोपहर मायके पक्ष ने सलाह स्थित कब्रिस्तान में नम आंखों के बीच बेटी को सुपुर्द-ए-खाक की रस्म निभाई।
परिजनों व स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर पति कासिम शेख, सास राजबीबी, ससुर कर्मदीन शेख और ननद काजिमा शेख निवासी गांव बारू, डाकघर सधोट तहसील सरकाघाट व जिला मंडी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मृतका ने कोई सुसाइड नोट छोड़ा है या नहीं इसको लेकर भी जांच हो रही है।