Edited By Vijay, Updated: 23 May, 2026 07:35 PM

पंचायत चुनाव के बीच बिलासपुर जिले में बैलेट पेपर से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है।
बिलासपुर (बंशीधर): पंचायत चुनाव के बीच बिलासपुर जिले में बैलेट पेपर से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने ग्राम पंचायत बामटा के वार्ड नंबर-1 जंगल सुंगल में प्रधान पद के चुनाव के लिए इस्तेमाल होने वाले 50 बैलेट पेपर तत्काल प्रभाव से रद्द और अमान्य घोषित कर दिए हैं। साथ ही मामले में संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और पुलिस जांच के निर्देश भी जारी किए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार बैलेट पेपर क्रमांक 58001 से 58050 तक प्रत्याशियों के नाम लिखने की प्रक्रिया के दौरान लापता हो गए थे। यह प्रक्रिया सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में ड्यूटी निभा रहे सहायक प्रोफैसर राजकीय डिग्री कॉलेज बिलासपुर डॉ. दिनेश कुमार की निगरानी में चल रही थी। मामले को गंभीर मानते हुए आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी बिलासपुर को संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बिलासपुर पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की गहन जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
बता दें कि रिटर्निंग अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी बिलासपुर सदर की ओर से इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आयोग का कहना है कि बैलेट पेपरों के दुरुपयोग की किसी भी संभावना को रोकने के लिए उन्हें रद्द करना आवश्यक था।
राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी रिटर्निंग अधिकारियों को मतगणना के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यदि संबंधित बैलेट पेपर कहीं भी चाहे मतपेटी में या अन्य किसी स्थान पर पाए जाते हैं तो तत्काल कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना राज्य निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी बिलासपुर को दी जाए। इसके साथ ही आयोग ने प्रदेश के अन्य जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को भी इस घटना की जानकारी भेजते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश में इन दिनों पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चल रहे हैं और मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से करवाया जा रहा है। ऐसे में बैलेट पेपर गुम होने की घटना ने चुनावी प्रक्रिया की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सारे मामले की जांच करवाई जाएगी और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें