Edited By Kuldeep, Updated: 25 Oct, 2026 06:14 PM

सरकार अगले 5 वर्षों में पर्यटन क्षेत्र के विकास पर 10 से 15 हजार करोड़ रुपए निवेश करने की योजना बना रही है। प्रदेश में हाई-एंड पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है।
शिमला (अभिषेक): सरकार अगले 5 वर्षों में पर्यटन क्षेत्र के विकास पर 10 से 15 हजार करोड़ रुपए निवेश करने की योजना बना रही है। प्रदेश में हाई-एंड पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है। इसके तहत पर्यटन अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ हवाई कनैक्टिविटी को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला के समीप नालदेहरा स्थित गोल्फ कोर्स में आयोजित कोटी गोल्फ कप-2026 टूर्नामैंट के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण पर 3 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त सरकार प्रदेश में हवाई सेवाओं के संचालन को प्रोत्साहित करने के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत 35 करोड़ रुपए उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को हैलीपोर्ट सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है।
इसके साथ ही शिमला से जोड़ने वाली हवाई सेवाएं शुरू करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 60 ईको-टूरिज्म साइट्स को लीज पर दिया गया है, जिससे राज्य के राजस्व में 22 करोड़ रुपए की आय हुई है। इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नालदेहरा गोल्फ कोर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गोल्फ कोर्स के विकास के लिए 1.82 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाई है।
कालेज और विश्वविद्यालय के दिनों में नालदेहरा आया करते थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने नालदेहरा गोल्फ कोर्स की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के सबसे मनोरम गोल्फ स्थलों में से एक बताया। उन्होंने गोल्फ कोर्स के विकास का श्रेय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को दिया। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें सांझा करते हुए बताया कि कालेज और विश्वविद्यालय के दिनों में वह इस क्षेत्र में आया करते थे।
गोल्फ कप-2026 टूर्नामैंट में नालदेहरा की टीम ने खिताब पर जमाया कब्जा
नालदेहरा स्थित गोल्फ कोर्स में आयोजित कोटी गोल्फ कप-2026 टूर्नामैंट में नालदेहरा की टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया। इस टूर्नामैंट के एडवर्डियन टीम रनरअप रही। इसके अलावा बैस्ट प्लेयर का खिताब शैलेंद्र कौशल चुने गए। सैकेंड बैस्ट प्लेयर कर्नल हरविंदर सिंह चुने गए। मुख्यमंत्री ने समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उन्हें ट्रॉफियां प्रदान कीं।