Edited By Kuldeep, Updated: 15 Oct, 2026 07:14 PM

हिमाचल प्रदेश में जारी पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के बीच होमगार्ड जवानों को बड़ी राहत मिली है। सरकार ने भर्ती के दौरान होमगार्ड जवानों को फिजिकल एफिशिएंसी टैस्ट और ग्राऊंड टैस्ट से छूट देने की मंजूरी प्रदान कर दी है।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में जारी पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के बीच होमगार्ड जवानों को बड़ी राहत मिली है। सरकार ने भर्ती के दौरान होमगार्ड जवानों को फिजिकल एफिशिएंसी टैस्ट और ग्राऊंड टैस्ट से छूट देने की मंजूरी प्रदान कर दी है। इस संबंध में गृह विभाग की तरफ से आदेश जारी कर पुलिस महानिदेशक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सरकार ने जारी पुलिस कांस्टेबल भर्ती में होमगार्ड जवानों को यह छूट देने की स्वीकृति प्रदान की है।
बीते दिनों हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णय के बाद यह आदेश जारी किए गए हैं। गृह विभाग ने पुलिस महानिदेशक के साथ-साथ होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं के महानिदेशक सह कमांडैंट जनरल को भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। सरकार के इस फैसले से पुलिस कांस्टेबल भर्ती में शामिल हो रहे होमगार्ड जवानों को राहत मिलेगी। अब इस छूट को लागू करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।