Shimla: एचआरटीसी पैंशनर 3 नवम्बर को निगम मुख्यालय का करेंगे घेराव

Edited By Kuldeep, Updated: 13 Oct, 2026 08:03 PM

shimla hrtc pensioners protest

एचआरटीसी के पैंशनरों का लंबित वित्तीय देनदारियों और पैंशन संबंधी समस्याओं को लेकर सब्र जवाब देने लगा है। लंबे समय से मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे पैंशनरों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का ऐलान किया है।

शिमला (राजेश): एचआरटीसी के पैंशनरों का लंबित वित्तीय देनदारियों और पैंशन संबंधी समस्याओं को लेकर सब्र जवाब देने लगा है। लंबे समय से मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे पैंशनरों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का ऐलान किया है। एचआरटीसी पैंशनर्ज संयुक्त संघर्ष समिति और शिमला इकाई के पदाधिकारियों ने 3 नवम्बर को निगम मुख्यालय का घेराव करने का नोटिस प्रबंध निदेशक को दिया है। पैंशनरों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी लंबित मांगों पर ठोस कार्रवाई जरूरी है।

इस आंदोलन की रणनीति को लेकर मंगलवार को तारादेवी में शिमला इकाई की बैठक आयोजित की गई, जिसमें लगभग 150 पैंशनरों ने भाग लिया। बैठक में पैंशनरों की लंबित समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई। इसके बाद संयुक्त संघर्ष समिति और शिमला इकाई के पदाधिकारियों ने प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर मुख्यालय के घेराव संबंधी नोटिस दिया। इस दौरान पदाधिकारियों ने प्रबंधन के समक्ष पैंशनरों की समस्याओं के समाधान की मांग रखी। पैंशनरों ने कहा कि निगम प्रबंधन जल्द बैठक बुलाए, अन्यथा आंंदोलन निश्चित रूप से होगा और इसकी जिम्मेदारी निगम प्रबंधन की होगी।

2016 के एरियर से लेकर चिकित्सा बिलों तक का इंतजार
पैंशनरों की प्रमुख मांगों में एक जनवरी 2016 के वेतनमान से संबंधित सभी प्रकार के एरियर का एकमुश्त भुगतान, महंगाई भत्ते के लंबित एरियर का भुगतान और चिकित्सा बिलों का निपटारा शामिल है। इसके अलावा नए वेतनमान के आधार पर पैंशन निर्धारण से संबंधित बकाया राशि तथा चालकों-परिचालकों की विशेष वेतन वृद्धि और पैंशनरों की ए.सी.पी. वेतन वृद्धि के एरियर का भुगतान करने की मांग भी उठाई गई है। पैंशनर संगठनों का कहना है कि निगम की ओर से पैंशन के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किया जाना चाहिए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रत्येक महीने की पहली तारीख को पैंशन मिल सके।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!