Shimla: राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना चरण-4 होगी प्रारम्भ, इलैक्ट्रिक बस खरीद पर मिलेगी सबसिडी : सुक्खू

Edited By Kuldeep, Updated: 29 Jun, 2026 06:54 PM

shimla rajiv gandhi

प्रदेश में हिमाचल बेरोजगार युवाओं को रोजगार व महिलाओं और स्कूली विद्यार्थियों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी घोषणा की है।

शिमला (राजेश): प्रदेश में हिमाचल बेरोजगार युवाओं को रोजगार व महिलाओं और स्कूली विद्यार्थियों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी घोषणा की है। राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना चरण-4 के तहत संचालित इलैक्ट्रिक व डीजल बसों में महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट और कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को विशेष पास के माध्यम से रियायती यात्रा सुविधा मिलेगी।

वहीं, युवाओं को इलैक्ट्रिक बस खरीदने पर 50 प्रतिशत और डीजल बस खरीदने पर 30 प्रतिशत तक सबसिडी दी जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित करने, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना चरण-4 प्रारम्भ करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को इलैक्ट्रिक बसों के लिए 5 वर्षों तक 65,000 रुपए प्रतिमाह तथा डीजल बसों के लिए 50,000 रुपए प्रतिमाह परिचालन प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। यह योजना पूरे हिमाचल प्रदेश में लागू होगी तथा प्रत्येक उपमंडल में कम से कम 10 मार्ग चिन्हित किए जाएंगे। योजना के तहत न्यूनतम 32 सीटों वाली इलैक्ट्रिक एवं डीजल यात्री बसें पात्र होंगी। योजना का क्रियान्वयन श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग और परिवहन विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से किया जाएगा।

आवेदक के लिए यह योग्यता होना जरूरी
योजना के लिए आवेदक को हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य होगा। उसकी आयु 25 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उसके पास कम से कम 3 वर्ष का अनुभव और वैध हैवी ड्राइविंग लाइसैंस होना आवश्यक होगा। बस का संचालन स्वयं लाभार्थी द्वारा किया जाएगा। राज्य के रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा चयन प्रक्रिया में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के आवेदकों को वरीयता प्रदान की जाएगी।

बसों में होंगे जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के प्रभावी एवं पारदर्शी संचालन के लिए सभी बसों में जीपीएस आधारित वाहन ट्रैकिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी। योजना के तहत संचालित बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की रियायत मिलेगी, जबकि कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को विशेष पास प्रणाली के माध्यम से रियायती यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना चरण-4 से युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!