Edited By Kuldeep, Updated: 05 Jul, 2026 11:10 PM

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कांग्रेस मंथन के दूसरे दिन अग्रणी संगठन व विभागों के पदाधिकारियों से अलग-अलग मंत्रणा की।
शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कांग्रेस मंथन के दूसरे दिन अग्रणी संगठन व विभागों के पदाधिकारियों से अलग-अलग मंत्रणा की। उन्होंने इस दौरान स्पष्ट किया कि अग्रणी संगठन व विभागों के स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने हर माह पदाधिकारियों से बैठकें करने के निर्देश दिए। रजनी पाटिल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में अलग-अलग बैठकों के दौरान संबोधित कर रही थीं। उन्होंने महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल, एन.एस.यू.आई., युवा कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग और कांग्रेस अल्प संख्यक विभाग के राज्य कार्यकारिणी के साथ बैठकें कीं।
संगठनों व विभागों की कार्यकारिणी जल्द बनेगी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि संगठन व विभागों की कार्यकारिणी जल्द बनेगी। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत नए कार्यकर्त्ताओं को जोड़ा जाना चाहिए। इसमें उन कर्मठ कार्यकर्त्ताओं को शामिल किया जाना चाहिए, जो पूरा समय दे सकें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को पूरे तालमेल से कार्य करते हुए पीसीसी के दिशा-निर्देशों पर अमल करने को होगा।
विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्त्ता
रजनी पाटिल ने सभी कार्यकर्त्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए आपसी तालमेल से कार्य करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा नेता आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा की तरफ से किए जाने वाले प्रचार को बेनकाब करने की आवश्यकता है।
विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करना पार्टी का लक्ष्य : विनय
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करना पार्टी का अगला लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा को श्रीराम मंदिर चंदा, नीट पेपर लीक और जनहित के मुद्दों पर घेरेगी। उन्होंने कहा कि हर माह सभी अग्रणी संगठनों व विभागों के पदाधिकारियों को निश्चित तिथि पर बैठक करने के निर्देश दिए।