Edited By Kuldeep, Updated: 18 Jul, 2026 07:37 PM

चौपाल उपमंडल के तहत नेरवा तहसील के ग्यांह गांव में अपने घोड़े को चराने जा रहे एक बुजुर्ग की पैर फिसलने के कारण गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई।
शिमला (संतोष): चौपाल उपमंडल के तहत नेरवा तहसील के ग्यांह गांव में अपने घोड़े को चराने जा रहे एक बुजुर्ग की पैर फिसलने के कारण गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तुलसी राम (80) पुत्र जिंदू राम, निवासी गांव व डाकघर ग्यांह, तहसील नेरवा, जिला शिमला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग सुबह अपने घोड़े को चराने के लिए पास की घासनी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर नीचे ढलान में लुढ़क गया।
हादसे की भनक लगते ही परिवार के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हुए और वे बुजुर्ग को बेसुध हालत में तुरंत नागरिक अस्पताल नेरवा लेकर आए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के कारण बुजुर्ग के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पोस्टमार्टम करवाने के बाद देह परिजनों को सौंप दी और पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाते हुए आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी है।