Edited By Kuldeep, Updated: 06 Jul, 2026 05:13 PM

राजधानी शिमला के उप नगर टुटू के रिहायशी क्षेत्र में तेंदुआ दिखा है। इसके अलावा सुबह की सैर के समय लोगों को तेंदुए के बच्चे भी दिखाई दिए हैं।
शिमला (ब्यूरो): राजधानी शिमला के उप नगर टुटू के रिहायशी क्षेत्र में तेंदुआ दिखा है। इसके अलावा सुबह की सैर के समय लोगों को तेंदुए के बच्चे भी दिखाई दिए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत है। लोगों ने वन विभाग से इसको लेकर सूचना दी है। जानकारी के अनुसार टुटू चौक के साथ लगते पूर्व पार्षद विवेक शर्मा के घर के साथ देखा गया। यह तेंदुआ तड़के अढ़ाई बजे घर की सीढ़ियों को चढ़ रहा था, जब यह सीसीटीवी में कैद हो गया।
वहीं सोमवार सुबह जब टुटू के कुछ लोग टुटू-शिमला सड़क पर सैर के लिए जा रहे थे, तो इस दौरान उन्हें तेंदुए के बच्चे भी दिखाई दिए। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत है। विशेषकर उन लोगों में जो देर शाम को कार्यालय से घर आते हैं। क्षेत्र के लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है। साथ ही उन्होंने विभाग से क्षेत्र में इसको लेकर जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया है। साथ ही तेंदुए व उनके बच्चों को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है।