Edited By Kuldeep, Updated: 07 Jul, 2026 06:49 PM

कर्मचारी हितों की आवाज बुलंद करना एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के प्रधान मान सिंह ठाकुर को भारी पड़ गया। निगम प्रबंधन ने ड्राइवर यूनियन के प्रधान का चम्बा तबादला किया है।
शिमला (राजेश): कर्मचारी हितों की आवाज बुलंद करना एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के प्रधान मान सिंह ठाकुर को भारी पड़ गया। निगम प्रबंधन ने ड्राइवर यूनियन के प्रधान का चम्बा तबादला किया है। मंगलवार को पुराना बस स्टैंड में कंडक्टर यूनियन व अन्य कर्मचारियों ने उन्हें विदाई दी। उनके चम्बा तबादले के बाद कर्मचारियों और विभिन्न यूनियनों में नाराजगी देखने को मिली। शिमला में कर्मचारियों ने मान सिंह ठाकुर को भावुक विदाई दी और उनके समर्थन में एकजुटता का संदेश दिया। विदाई समारोह के दौरान मान सिंह ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई किसी भी कीमत पर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों के हकों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति भी देनी पड़े तो मैं पीछे नहीं हटूंगा। सरकार कर्मचारियों की आवाज को दबा नहीं सकती। संघर्ष पहले भी जारी था और आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर कंडक्टर यूनियन के प्रांतीय प्रधान प्रीत महेंद्र सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मान सिंह ठाकुर के समर्थन में एकजुटता दिखाई और कहा कि कर्मचारी हितों की लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे कर्मचारी वर्ग की लड़ाई है। कर्मचारियों ने मान सिंह ठाकुर को पूरे सम्मान के साथ शिमला से विदा किया। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि उन्हें चम्बा तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार से कर्मचारी नेताओं के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई से बचने और उनकी मांगों पर सकारात्मक संवाद करने की भी अपील की। वहीं कंडक्टर यूनियन के अध्यक्ष प्रीत महेंद्र ने कहा कि मान सिंह ने हक की लड़ाई के लिए चम्बा तबादला मंजूर किया है और इसी के चलते उन्हें पूरे सम्मान के साथ चम्बा के लिए विदाई भी दी गई।