Edited By Kuldeep, Updated: 11 Jul, 2026 10:08 PM

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एचआरटीसी की बदहाल स्थिति को लेकर सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के चलते निगम की बसें जुगाड़ के सहारे चलाई जा रही हैं और जनता की जिंदगी को खतरे में डाला जा रहा है।
शिमला (राजेश): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एचआरटीसी की बदहाल स्थिति को लेकर सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के चलते निगम की बसें जुगाड़ के सहारे चलाई जा रही हैं और जनता की जिंदगी को खतरे में डाला जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले समेत कई डिपुओं में टायर और अन्य जरूरी स्पेयर पार्ट्स की भारी कमी है।
हालात ऐसे हैं कि एक बस के टायर निकालकर दूसरी बस में लगाए जा रहे हैं, जबकि कई बसें कार्यशालाओं में खड़ी धूल फांक रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में कई सरकारी बसें धक्का लगाकर स्टार्ट की जा रही हैं, जो परिवहन व्यवस्था की बदहाली का बड़ा प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कई ग्रामीण और महत्वपूर्ण बस रूट बंद कर दिए हैं, जबकि कई जगह खस्ताहाल बसों को सड़कों पर उतारा जा रहा है। बरसात के मौसम में यह स्थिति किसी बड़े हादसे को न्यौता दे सकती है।
कर्मचारी विरोधी नीतियों से कर्मचारियों का टूट चुका मनोबल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों से एचआरटीसी के चालक-परिचालकों और कर्मचारियों का मनोबल टूट चुका है। समय पर वेतन और भत्ते नहीं मिल रहे हैं, वहीं पैंशनरों की लंबित मांगों और एरियर का भुगतान भी नहीं किया जा रहा, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि यही स्थिति रही तो जनता का दशकों पुरानी सरकारी परिवहन सेवा से भरोसा उठ जाएगा। उन्होंने निगम के बढ़ते घाटे के लिए कांग्रेस सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि केवल कागजी दावों से व्यवस्था नहीं सुधरेगी, बल्कि सरकार को जमीनी स्तर पर काम करना होगा।
टायर व स्पेयर पार्ट्स को लेकर बजट जारी करे सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से मांग की है कि एचआरटीसी के लिए तत्काल बजट जारी कर टायर और स्पेयर पार्ट्स की कमी दूर की जाए, बंद पड़े बस रूट बहाल किए जाएं और कर्मचारियों और पैंशनरों की सभी लंबित जायज मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए।