Edited By Kuldeep, Updated: 22 Jun, 2026 04:42 PM

कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर वर्षों से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो भगौड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
शिमला (संतोष): कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर वर्षों से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो भगौड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इनमें से एक आरोपी पिछले 13 साल से चोरी के मामले में फरार चल रहा था। पहले मामले के तहत कुमारसैन पुलिस की टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर एक और उद्घोषित अपराधी को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। आरोपी की पहचान दलीप सिंह उर्फ दीपू (43) निवासी गांव भुट्टी तहसील कुमारसैन जिला शिमला के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 में पुलिस थाना नारकंडा में टायर चोरी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में भी चालान पेश होने के बाद आरोपी कोर्ट की कार्यवाही से लगातार भाग रहा था। अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर एसीजेएम कोर्ट रामपुर ने 24 जनवरी, 2026 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। कुमारसैन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 21 जून को इसे गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे मामले में रामपुर पुलिस ने एक ऐसे शातिर को गिरफ्तार किया है, जिसने वर्ष 2013 में अपने ही मालिक को चूना लगाया था। आरोपी की पहचान साबेर दास (47) पुत्र स्व. दौलत राम, निवासी गांव मघारा (रामपुर) के रूप में हुई है। आरोपी साबेर दास पर वर्ष 2013 में अपने मालिक की करीब 4.35 लाख की कार चोरी करने का आरोप था, जिस पर पुलिस थाना रामपुर में चोरी का मुकद्दमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने जांच पूरी कर कोर्ट में चालान पेश किया था, लेकिन आरोपी सुनवाई के दौरान लगातार गायब रहा। बार-बार सम्मन जारी होने के बावजूद पेश न होने पर एसीजेएम कोर्ट रामपुर ने 9 मई, 2025 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। निरंतर निगरानी रखने के बाद पुलिस ने आखिरकार 22 जून को इसे धर दबोचा। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अपराधियों को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कोर्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है।