Edited By Kuldeep, Updated: 27 Jul, 2026 10:26 PM

हाईकोर्ट में प्रदेश के स्कूलों में नियुक्त हजारों कम्प्यूटर अध्यापकों को नियमित करने से जुड़ी अवमानना याचिका पर सुनवाई 13 अगस्त के लिए टल गई है।
शिमला (मनोहर): हाईकोर्ट में प्रदेश के स्कूलों में नियुक्त हजारों कम्प्यूटर अध्यापकों को नियमित करने से जुड़ी अवमानना याचिका पर सुनवाई 13 अगस्त के लिए टल गई है। सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि एकल पीठ के फैसले को खंडपीठ के समक्ष अपील के माध्यम से चुनौती दी गई है। इस पर न्यायाधीश सुशील कुकरेजा ने मनोज कुमार शर्मा व अन्यों द्वारा दायर अवमानना याचिका की सुनवाई 13 अगस्त को निर्धारित करने के आदेश जारी किए।
एकल पीठ ने शिक्षा विभाग को 12 सप्ताह के भीतर संपूर्ण कार्यवाही पूरा करके याचिका दायर करने की तारीख से इन्हें कम से कम प्राथमिक शिक्षा अध्यापकों, ग्रामीण विद्या उपासकों और अभिभावक संघ द्वारा तैनात शिक्षकों की श्रेणियों के साथ याचिकाकर्त्ताओं की सेवाओं को नियमित करने के निर्देश दिए थे। हालांकि राज्य सरकार की ओर से इस निर्णय को अपील के माध्यम से खंडपीठ के समक्ष चुनौती दे रखी है।
मगर एकल पीठ के इस निर्णय पर स्थगन आदेश पारित न होने की स्थिति में राज्य सरकार एकल पीठ के निर्णय को लागू करने के लिए बाध्य है। सरकार ने ऐसे ही एक मामले में हाईकोर्ट के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई रोक की जानकारी दी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उस रोक का इस मामले पर कोई असर नहीं होगा क्योंकि यह एक अलग मामला है। अब मामले पर आगामी सुनवाई 13 अगस्त को निर्धारित की गई है।