Edited By Kuldeep, Updated: 23 May, 2026 04:27 PM

नशा मुक्त और स्वच्छ हिमाचल प्रदेश के संकल्प को लेकर हिमाचल प्रदेश पुलिस और पर्यावरण विभाग एक बड़ी अनूठी पहल करने जा रहे हैं।
शिमला (संतोष): नशा मुक्त और स्वच्छ हिमाचल प्रदेश के संकल्प को लेकर हिमाचल प्रदेश पुलिस और पर्यावरण विभाग एक बड़ी अनूठी पहल करने जा रहे हैं। आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर राजधानी शिमला के ऐतिहासिक द रिज मैदान पर एक विशाल एंटी चिट्टा एवं स्वच्छ पर्यावरण जागरूकता मिनी मैराथन-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को नशे (विशेषकर चिट्टे) के चंगुल से बचाना, उन्हें फिटनैस के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। इस अभियान का मूल मंत्र है, "स्वच्छ पर्यावरण, चिट्टा मुक्त जीवन; हमारा संकल्प, हमारा भविष्य"।
2 श्रेणियों में होगी दौड़
यह मैराथन 5 जून को सुबह आरंभ होगी। इसके लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 6 बजे होगा और 6.15 बजे इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। प्रशासन द्वारा इस मैराथन को 2 मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया है, ताकि हर आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकें।
मिनी मैराथन : 10 किलोमीटर की मुख्य दौड़।
प्रेरणा दौड़ : 3 किलोमीटर की दौड़, जो समाज को नशा मुक्ति का संदेश देगी।
कैसे करें पंजीकरण?
इस महा-दौड़ का हिस्सा बनने के लिए प्रतिभागी आधिकारिक पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। कार्यक्रम से जुड़ी किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए पुलिस हैल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
नशे के खिलाफ सामाजिक आंदोलन जरूरी : तिवारी
डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस कड़े प्रवर्तन के साथ-साथ जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से नशे के खिलाफ लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चिट्टा के खिलाफ लड़ाई केवल कानून प्रवर्तन की चुनौती नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इस मैराथन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश पुलिस युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करना चाहती है। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त हिमाचल के निर्माण के मिशन को मजबूत करेगी।
मुख्यमंत्री की सक्रिय भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहा है कि “हिमाचल प्रदेश का युवा हमारे राज्य की शक्ति और भविष्य है। इस जागरूकता मैराथन के माध्यम से हम युवाओं को फिटनैस, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त जीवनशैली के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। मैं सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर इसे जन आंदोलन बनाने की अपील करता हूं।