Edited By Kuldeep, Updated: 25 Jul, 2026 05:40 PM

हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने विधानसभा के मानसून सत्र से पहले राज्य सरकार के खिलाफ जनआंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने विधानसभा के मानसून सत्र से पहले राज्य सरकार के खिलाफ जनआंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार की जनविरोधी, वादाखिलाफी और भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ भाजपा पूरे प्रदेश में मंडल स्तर पर अगस्त माह से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। मंडल स्तर से शुरू होने वाला यह जनआंदोलन निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा और प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र तथा जिले में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश किया जाएगा। यह निर्णय प्रदेश भाजपा कार्यालय दीपकमल में कोर कमेटी की हुई बैठक में लिया। बैठक में लिए निर्णयों की जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल तथा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को शिमला में संयुक्त पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी और हर उस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी, जिससे प्रदेश की जनता प्रभावित हुई है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में विकास कार्य पूरी तरह ठप्प हो गए हैं। भाजपा सरकार के समय बजट प्रावधान के साथ शुरू किए गए अनेक विकास कार्यों को रोक दिया गया, स्कूलों, कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों, कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं पर ताले लगा दिए गए। सरकार का काम विकास को गति देना होता है, लेकिन वर्तमान सरकार ने विकास को रोकने और प्रदेश को पीछे धकेलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान जनता से अनेक गारंटियां और बड़े-बड़े वायदे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वायदों को पूरा करने की बजाय जनता को निराश किया। युवाओं, महिलाओं, किसानों, बागवानों और कर्मचारियों के साथ धोखा हुआ है। आज प्रदेश की जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है।
भाजपा जनआंदोलन के माध्यम से इन झूठी गारंटियों और सरकार की वायदाखिलाफी को जनता के सामने पूरी मजबूती से उजागर करेगी और सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा का यह आंदोलन केवल सांकेतिक नहीं होगा, बल्कि तब तक लगातार जारी रहेगा जब तक प्रदेश की इस जनविरोधी और भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ नहीं फैंका जाता। भाजपा जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और प्रदेश की जनता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लोकतांत्रिक आंदोलन चलाएगी। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा व मीडिया सह संयोजक रमा ठाकुर भी मौजूद थे।
100 से अधिक झूठ बोलकर जनता के साथ किया विश्वासघात : डा. बिंदल
डा. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के समय 10 गारंटियों का वायदा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद 100 से अधिक झूठ बोलकर प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं मिला, महिलाओं को वायदों का लाभ नहीं मिला और किसानों-बागवानों की समस्याएं लगातार बढ़ती गईं।
पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में जनता ने सरकार को उखाड़ फैंकने का दिया संदेश : जयराम
जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता ने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों में स्पष्ट संदेश दे दिया है कि प्रदेश सरकार को अब सत्ता से बाहर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के इस जनादेश को दबाने और कुचलने के प्रयास किए गए, लेकिन प्रदेश सरकार अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सकी। चुनावों में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। जनता पर लगातार नए टैक्सों का बोझ डाला गया है, कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है और प्रदेश में माफिया तंत्र सक्रिय हुआ है।
कैंडल मार्च कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम : जयराम
मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित कैंडल मार्च पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में जयराम ठाकुर ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम है और उसे आयोजित करना उनका निर्णय है। भाजपा को उससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अत्यंत गंभीरता से लिया है और केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।