Shimla: किन्नौर में फ्लैश फ्लड व शिमला-नौणी फोरलेन पर भूस्खलन, 2 दिन भारी बारिश का रैड अलर्ट

Edited By Kuldeep, Updated: 19 Jul, 2026 07:10 PM

shimla weather bad

राज्य में मानसून के दोबारा सक्रिय होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी 20 और 21 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश का रैड अलर्ट जारी किया है।

शिमला (संतोष): राज्य में मानसून के दोबारा सक्रिय होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी 20 और 21 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश का रैड अलर्ट जारी किया है। इस चेतावनी के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों से भूस्खलन, सड़क बंद होने और अचानक बाढ़ की खबरें आ रही हैं। 20 जुलाई को जारी रैड अलर्ट के अनुसार चम्बा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है, जबकि 21 जुलाई को जारी हुए रैड अलर्ट के तहत चम्बा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों में इसका असर देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही 22 जुलाई के लिए ऑरैंज अलर्ट तथा 23 जुलाई के लिए यैलो अलर्ट जारी किया गया है।

शनिवार देर शाम किन्नौर जिले के सांगला (रक्छम) में मस्तरंग नाले में फ्लैश फ्लड आने से सांगला-छितकुल मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुआ और आईटीबीपी कैंप की एक गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई। उधर, चम्बा जिले में पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग बत्ती हट्टी और दुर्गेठी के पास भारी मलबे के कारण बंद हो गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बहाल किया गया। चम्बा-शिमला वाया सिहुंता मार्ग पनियाला नाला के पास पहाड़ी दरकने से अवरुद्ध हो गया। शिमला-नौणी फोरलेन पर भी संगीरठी के पास भूस्खलन से कुछ देर जाम लगा रहा। रविवार को राज्य में सबसे अधिक 4 मिलीमीटर बारिश नारकंडा में दर्ज की गई। मैदानी इलाकों में हमीरपुर 34.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि ऊना में 34 डिग्री और शिमला में अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मानसून एक बार फिर पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया है। ऐसे समय में मेरी आप सभी से विनम्र अपील है कि मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का गंभीरता से पालन करें। नदी-नालों, भूस्खलन प्रभावित अथवा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी जोखिम को हल्के में न लें। मुझे आप सभी की समझदारी पर पूरा विश्वास है। राज्य सरकार की टीमें आपकी सहायता के लिए उपलब्ध हैं। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है और मैं स्वयं भी अधिकारियों के निरंतर संपर्क में हूं।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!