Edited By Kuldeep, Updated: 31 Aug, 2026 06:12 PM

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा ने जुलाई में ही घोषणा की थी कि अगस्त माह में प्रदेश के स्थानीय मुद्दों को लेकर व्यापक जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
शिमला (राजेश): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा ने जुलाई में ही घोषणा की थी कि अगस्त माह में प्रदेश के स्थानीय मुद्दों को लेकर व्यापक जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इसी क्रम में अगस्त में 121 स्थानों पर जन आंदोलन आयोजित किए गए। इनमें टूटी सड़कों, विकास कार्यों की तालाबंदी, कांग्रेस की अधूरी गारंटियों और स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त 17 जिला स्तरीय प्रदर्शन बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर किए गए और कांग्रेस सरकार से रोजगार के नाम पर किए गए वादों का हिसाब मांगा गया। डॉ. बिंदल ने घोषणा की कि सितम्बर में भाजपा 170 स्थानों पर स्थानीय मुद्दों को लेकर जन आंदोलन करेगी। यह बात उन्होंने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय दीपकमल चक्कर में आयोजित प्रैस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त 17 जिला स्तरीय प्रदर्शन बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर किए गए और कांग्रेस सरकार से रोजगार के नाम पर किए गए वायदों का हिसाब मांगा गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले महिलाओं, युवाओं और बेरोजगारों को बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन सत्ता में आने के बाद गारंटियां पूरी करने में विफल रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के लिए बेरोजगार युवाओं से सरकारी रोजगार के बड़े वायदे किए थे, लेकिन सरकार के लगभग चार वर्ष पूरे होने के बावजूद युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार में 1.07 लाख पद रिक्त हैं और स्थायी तथा पैंशन वाली सरकारी नौकरियों को लेकर कांग्रेस की चुनावी गारंटियां धरातल पर नहीं उतरी हैं।
17 सितम्बर से 17 अक्तूबर तक पूरे देश के साथ हिमाचल में चलेगा सेवा संकल्प अभियान
इससे पहले उन्होंने भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय दीपकमल चक्कर में प्रदेश स्तरीय मैराथन बैठकों की अध्यक्षता की। बैठकों में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। इस मौके पर डा. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष 7 अक्तूबर को पूर्ण होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सेवा को अपने सार्वजनिक जीवन का लक्ष्य बनाया और समाज के प्रत्येक वर्ग गरीब, किसान, महिलाएं, युवा और जरूरतमंद के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से 17 अक्तूबर तक पूरे देश के साथ हिमाचल प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। यह केवल जन्मदिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के जनमानस को सेवा के प्रति संकल्पित करने तथा 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने का अभियान होगा। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर को प्रदेशभर में लोग सेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प का दीपक जलाएंगे। इसी दिन भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
लॉटरी के नाम पर परिवारों को बर्बादी की ओर धकेल रही कांग्रेस सरकार
प्रदेश में लॉटरी व्यवस्था शुरू करने के मुद्दे पर डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सरकार राजस्व के लिए हिमाचल के लोगों के सामाजिक और आर्थिक भविष्य को दांव पर नहीं लगा सकती। उन्होंने कहा कि लॉटरी व्यवस्था के गंभीर सामाजिक दुष्परिणाम को देखते हुए पूर्व में इसे बंद किया गया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल की सरकार ने व्यापक विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया था। डा. बिंदल ने कहा कि कुछ राजस्व कमाने के लिए हजारों परिवारों के जीवन को संकट में डालने का अधिकार सरकार को नहीं है। हिमाचल प्रदेश की जनता और भारतीय जनता पार्टी को लॉटरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है।