Edited By Kuldeep, Updated: 21 Sep, 2026 07:18 PM

हिमाचल प्रदेश में मानसून अब अंतिम दिनों में है। प्रदेश में पिछले 3 दिनों से बारिश नहीं हुई है। सोमवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में मानसून अब अंतिम दिनों में है। प्रदेश में पिछले 3 दिनों से बारिश नहीं हुई है। सोमवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। मौसम विभाग ने 23 सितम्बर तक राज्य में मौसम के पूरी तरह साफ रहने का अनुमान जताया है। इसके बाद मौसम में बदलाव की संभावना है। विभाग के अनुसार 24 से 27 सितम्बर के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 24 सितम्बर को मैदानी व मध्य पर्वतीय इलाकों में बारिश का अनुमान है, जबकि 25 सितम्बर को सिर्फ मध्यवर्ती इलाकों में ही बारिश के आसार हैं।
26 व 27 सितम्बर को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा और बारिश की संभावना है। हालांकि, इस अवधि के लिए किसी तरह का अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार सितम्बर के अंतिम सप्ताह में मानसून के प्रदेश से विदा होने की संभावना है। हिमाचल में इस मानसून सीजन के दौरान जून से अब तक सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हुई है। इसके विपरीत वर्ष 2025 के मानसून सीजन में सामान्य से 42 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई थी। इस वर्ष कम बारिश का असर भूमिगत जल के पुनर्भरण, खेती और आने वाली सर्दियों में पेयजल उपलब्धता पर पड़ सकता है। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण प्रदेश में 55 सड़कें अभी भी बंद हैं।