Edited By Vijay, Updated: 22 May, 2026 07:53 PM

नगर परिषद रोहड़ू के चुनाव परिणाम घोषित होते ही क्षेत्र का सियासी पारा पूरी तरह से गरमा गया है। इन चुनावों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 3151 मतदाताओं में से 2436 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 77.31 फीसदी दर्ज...
रोहड़ू (कार्तिक): नगर परिषद रोहड़ू के चुनाव परिणाम घोषित होते ही क्षेत्र का सियासी पारा पूरी तरह से गरमा गया है। इन चुनावों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 3151 मतदाताओं में से 2436 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 77.31 फीसदी दर्ज किया गया। चुनाव परिणामों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा स्पष्ट रूप से देखने को मिला है, हालांकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कई जगह चौंकाने वाले नतीजे दिए हैं, जबकि भाजपा को सीमित सफलता ही मिल पाई है।
राजनीतिक दलों के समग्र प्रदर्शन की बात करें तो कुल 9 वार्डों में से 6 पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर सबसे मजबूत स्थिति बनाई है। कांग्रेस ने वार्ड नंबर 3, 4, 5, 6, 7 और 8 पर कब्जा जमाया। वहीं, 2 सीटों (वार्ड 2 और 9) पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। मुख्य विपक्षी दल भाजपा को केवल 1 सीट (वार्ड नंबर-1) पर ही सफलता मिल सकी।
वार्ड नंबर-1 (दशालनी एवं सेरी) में हुए बहुकोणीय मुकाबले में भाजपा की रमा देवी ने कुल 519 मतों में से 209 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। यह मुकाबला अंत तक दिलचस्प रहा। वहीं, व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले वार्ड नंबर-2 (अपर बाजार) में निर्दलीय प्रत्याशी पारुल ने 116 मत लेकर जीत हासिल की, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी उषा शर्मा को 100 मत मिले। वार्ड नंबर-3 (मुख्य बाजार) में कांग्रेस समर्थित सुजय अग्रवाल ने 266 मत प्राप्त कर एकतरफा और पूरे चुनाव की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इसी तरह वार्ड नंबर-4 (समाला) में भी कांग्रेस की रंजीता ने 122 मत लेकर जीत हासिल की, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी 103 मतों तक ही सीमित रह गईं। वार्ड नंबर-5 (बस स्टैंड क्षेत्र) में कांग्रेस समर्थित राजकुमार ने 79 मत लेकर जीत दर्ज की, जबकि दूसरे नंबर पर रहे उम्मीदवार को 54 मत मिले। उधर, वार्ड नंबर-6 (ब्लॉक क्षेत्र) में प्रीति ने 124 मतों के साथ स्पष्ट बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की। इस वार्ड की खास बात यह रही कि यहां कुछ मतदाताओं द्वारा 'नोटा' (NOTA) का भी प्रयोग किया गया।
मतदान प्रतिशत के हिसाब से सबसे सक्रिय रहे वार्ड नंबर-7 (कोर्ट रोड क्षेत्र) में जितेंद्र चौहान ने 113 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। वहीं, पूरे चुनाव का सबसे रोचक और कांटे की टक्कर वाला मुकाबला वार्ड नंबर-8 (बावटीनाला) में देखने को मिला। यहां प्यारे लाल आजाद ने 153 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि पन्ना लाल 140 मत पाकर बेहद करीब से हार गए। वार्ड नंबर-9 (शक्तिनगर) में महिलाओं के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस वार्ड में शालू ने 131 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि अन्य प्रत्याशी पीछे रह गए। इस वार्ड की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि यहां महिला मतदान प्रतिशत पूरे चुनाव में सबसे अधिक दर्ज किया गया।
नगर परिषद चुनाव परिणामों से यह स्पष्ट हो गया है कि रोहड़ू की जनता ने इस बार किसी राजनीतिक दल के बजाय उम्मीदवारों की साफ छवि, उनके स्थानीय जुड़ाव और जमीनी मुद्दों को अधिक प्राथमिकता दी है। अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि शहर की बाजार व्यवस्था, पार्किंग की भारी समस्या, बढ़ते अतिक्रमण, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों जैसे ज्वलंत मुद्दों पर नई नगर परिषद कितना काम कर पाती है। ये परिणाम आने वाले समय में रोहड़ू की स्थानीय राजनीति के समीकरण बदल सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें