Edited By Vijay, Updated: 26 Jul, 2026 01:29 PM

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा (HPAS) के अधिकारियों को लेकर बड़े आदेश जारी किए हैं। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश के 9 एचपीएएस अधिकारियों को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण पदों का...
शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा (HPAS) के अधिकारियों को लेकर बड़े आदेश जारी किए हैं। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश के 9 एचपीएएस अधिकारियों को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण पदों का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। जनहित को ध्यान में रखते हुए ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
शिमला और सोलन जिलों में इन अधिकारियों को मिला जिम्मा
राजधानी शिमला और सोलन जिले में कार्यरत 4 अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वर्तमान में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) शिमला ग्रामीण के पद पर कार्यरत मंजीत शर्मा (2020) को सहायक आयुक्त (उपायुक्त शिमला) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। वहीं, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) चौपाल हेम चंद वर्मा (2017) अब उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कुपवी का कार्यभार भी संभालेंगे। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) जुब्बल गुरमीत ग्यालचेन नेगी (2024) को उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कोटखाई का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा, सोलन जिले में सहायक बंदोबस्त अधिकारी के पद पर तैनात नरेंद्र कुमार-II (2015) को सहायक बंदोबस्त अधिकारी, अर्की (जिला सोलन) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
हमीरपुर और बिलासपुर में भी बढ़ा अधिकारियों का दायरा
हमीरपुर और बिलासपुर जिले में सेवारत 3 अधिकारियों को भी नए प्रभार दिए गए हैं। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) हमीरपुर संजीत सिंह (2020) को सहायक आयुक्त (उपायुक्त हमीरपुर) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसी जिले में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) के पद पर तैनात राजीव ठाकुर (2020) को नगर निगम हमीरपुर के संयुक्त आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। बिलासपुर की बात करें तो उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बिलासपुर राज कुमार-II (2023) को 2 अतिरिक्त पद सौंपे गए हैं। वह अब सहायक आयुक्त (उपायुक्त बिलासपुर) के साथ-साथ भू-अधिग्रहण अधिकारी (एसएलएयू, एनएचएआई, मुख्यालय बिलासपुर) का कार्य भी देखेंगे।
लाहौल-स्पीति और सिरमौर के अधिकारियों को भी नया प्रभार
जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति और सिरमौर में भी प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए अतिरिक्त कार्यभार सौंपे गए हैं। उपमंडलाधिकारी (नागरिक)-सह-परियोजना निदेशक (डीआरडीए) केलांग के पद पर तैनात कुनिका एकर्स (2022) को उपमंडलाधिकारी (नागरिक) उदयपुर और सहायक आयुक्त (उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति, केलांग) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी तरह, सिरमौर जिले में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) शिलाई के पद पर तैनात जसपाल (2024) को उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कफोटा की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें