Edited By Kuldeep, Updated: 23 Jul, 2026 02:29 PM

शिमला पुलिस ने चिड़गांव में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य सप्लायर को पंजाब से गिरफ्तार किया है।
रोहडू (कार्तिक): शिमला पुलिस ने चिड़गांव में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य सप्लायर को पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय ड्रग नैटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार बीते 20 जुलाई को पुलिस थाना चिड़गांव की टीम ने गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान मनिन्दर सिंह (23) निवासी अमृतसर (पंजाब) को 16 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना चिड़गांव में एफआईआर संख्या 68/2026 के तहत धारा 21 एवं 29 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गहन जांच और बैकवर्ड लिंकेज के दौरान मिले साक्ष्यों एवं तकनीकी प्रमाणों के आधार पर पुलिस टीम ने अमृतसर (पंजाब) में दबिश देकर सुखदीप सिंह उर्फ जैस गिल निवासी अमृतसर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी इस मामले में मुख्य सप्लायर की भूमिका निभा रहा था। मुख्य सप्लायर को धारा 29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नैटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा मादक पदार्थों की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और ड्रग नैटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी।