Edited By Swati Sharma, Updated: 15 Aug, 2026 09:20 AM

राज्य के राशन उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने राशन डिपुओं में सस्ती दालें उपलब्ध करवाने के लिए 94,805 क्विंटल दालों के नए ऑर्डर जारी कर दिए हैं।
शिमला (संतोष): राज्य के राशन उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने राशन डिपुओं में सस्ती दालें उपलब्ध करवाने के लिए 94,805 क्विंटल दालों के नए ऑर्डर जारी कर दिए हैं। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा यह व्यवस्था आगामी दो महीनों के लिए की गई है, ताकि प्रदेश में दालों की आपूर्ति सुचारू बनी रहे।
विभाग के अनुसार उड़द, मलका और दाल चना की यह नई खेप अगले एक सप्ताह के भीतर गोदामों में पहुंचना शुरू हो जाएगी। खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के महाप्रबंधक अरविंद शर्मा ने बताया कि सरकार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बाजार की तुलना में सस्ती दरों पर राशन मुहैया करवाना है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।
राशन डिपुओं में दालों के दामों की बात करें तो दाल चना बी.पी.एल. उपभोक्ताओं के लिए 61 और ए.पी.एल. के लिए 67 रुपए, उड़द दाल बी.पी.एल. उपभोक्ताओं के लिए 92 और ए.पी.एल. के लिए 97 रुपए व मलका दाल बी.पी.एल. उपभोक्ताओं के लिए 67 और ए.पी.एल. के लिए 72 रुपए निर्धारित की गई है। सरकार के इस कदम से डिपुओं से राशन लेने वाले लाखों उपभोक्ताओं को महंगाई से बड़ी राहत मिलेगी। अगले दो महीनों तक डिपुओं में दालों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रहेगी।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें