Edited By Vijay, Updated: 07 Aug, 2026 06:43 PM

केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय बलाहर के दो 17 वर्षीय छात्रों कृष शर्मा और साक्षिव शर्मा की रहस्यमयी गुमशुदगी को 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन के हाथ अब तक खाली हैं।
बनखंडी (राजीव शर्मा): केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय बलाहर के दो छात्रों 17 वर्षीय छात्रों कृष शर्मा और साक्षिव शर्मा की रहस्यमयी गुमशुदगी को 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन के हाथ अब तक खाली हैं। 27 जुलाई की सुबह घर से कॉलेज के लिए निकले ये दोनों छात्र अचानक लापता हो गए थे। समय बीतने के साथ ही परिजनों की चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है। घर में मातम जैसा माहौल है और परिवार के सदस्य हर पल दरवाजे पर बच्चों के सकुशल लौटने की आस लगाए बैठे हैं।
काली गाड़ी पर गहराया शक, अपहरण की आशंका
परिजनों ने बच्चों को किसी वाहन द्वारा लिफ्ट दिए जाने की आशंका जताई थी। इसी कड़ी में पुलिस एक संदिग्ध काली गाड़ी और अन्य वाहनों के एंगल से गहन जांच कर रही है। हालांकि, 12 दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस सुराग न मिलने के कारण परिजन अब इस पूरे मामले को सीधे तौर पर अपहरण से जोड़कर देख रहे हैं।
पिता का छलका दर्द, कहा-डूबते तो अब तक मिल जाते शव
लापता छात्र कृष शर्मा के पिता रमन कुमार ने भारी मन से कहा कि बच्चों को लापता हुए 12 दिन हो चुके हैं। अब हमारा शक यकीन में बदलता जा रहा है कि उनके साथ अपहरण की घटना ही हुई है। यदि वे किसी नदी या खड्ड में पानी में डूबे होते, तो इतने दिनों में कोई न कोई सुराग या उनके शव जरूर मिल जाते। रमन कुमार ने कहा कि यदि बच्चे किसी वाहन में गए थे तो इतने दिनों से चल रही वाहनों की चैकिंग और सीसीटीवी खंगालने के बावजूद पुलिस किसी नतीजे पर क्यों नहीं पहुंच पाई है? हालांकि परिवार का ये भी कहना है कि उन्हें पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भरोसा तो है लेकिन लगातार खाली हाथ रहने से वे मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह टूट चुके हैं।
पुलिस और वन विभाग का संयुक्त सर्च ऑप्रेशन जारी : एसपी देहरा
इस पूरे मामले पर एसपी देहरा संदीप धवल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पुलिस प्रशासन इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी टीम द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान जो भी साक्ष्य और सुराग सामने आ रहे हैं, उसी दिशा में तफ्तीश आगे बढ़ाई जा रही है। एसपी ने यह भी जानकारी दी कि इस सर्च ऑप्रेशन में वन विभाग की टीम भी पुलिस का पूरा सहयोग कर रही है। फिलहाल, प्रशासन हर संभावित एंगल से बच्चों की तलाश में जुटा हुआ है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें