Edited By Vijay, Updated: 16 Sep, 2026 04:09 PM

कांगड़ा जिले में नशा माफियाओं के खिलाफ पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजैंसी (सीआईए) का कड़ा प्रहार जारी है। सीआईए की टीम ने बीरता क्षेत्र में एक कबाड़ की दुकान पर छापेमारी कर कबाड़ की आड़ में चल रहे नशे के कारोबार...
कांगड़ा (कालड़ा): कांगड़ा जिले में नशा माफियाओं के खिलाफ पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजैंसी (सीआईए) का कड़ा प्रहार जारी है। सीआईए की टीम ने बीरता क्षेत्र में एक कबाड़ की दुकान पर छापेमारी कर कबाड़ की आड़ में चल रहे नशे के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 200 ग्राम चरस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में हैरानी की बात यह है कि पकड़े गए दोनों आरोपी उम्रदराज (55 और 68 वर्ष) हैं, जोकि नशे का यह कारोबार चला रहे थे।
जानकारी के अनुसार कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम को गुप्त सूत्रों से इनपुट मिला था कि थाना कांगड़ा के अधिकार क्षेत्र बीरता में स्थित एक कबाड़ की दुकान में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत दुकान पर दबिश दी। जब पुलिस ने दुकान की गहनता से तलाशी ली, तो वहां से 196.02 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने चरस को तुरंत कब्जे में लेकर मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास शर्मा उर्फ किंग (55) निवासी गांव नतेहड़, तहसील व जिला कांगड़ा और प्रेम कुमार (68) निवासी वार्ड नंबर-9, तहसील व जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है कि ये इतनी मात्रा में चरस कहां से लेकर आए थे और आगे इसे किन-किन लोगों या युवाओं को सप्लाई किया जाना था। फिलहाल मामले की आगामी जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें