Edited By Swati Sharma, Updated: 13 Sep, 2026 04:29 PM

जिला कांगड़ा के बनखंडी क्षेत्र के बगरोट (सीरा दा भरो) गांव निवासी 17 वर्षीय कृष शर्मा और सक्षिव शर्मा 27 जुलाई 2026 को लापता हुए थे। 48 दिन बीत जाने के बाद भी दोनों किशोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दोनों छात्र केंद्रीय संस्कृत...
Kangra News : जिला कांगड़ा के बनखंडी क्षेत्र के बगरोट (सीरा दा भरो) गांव निवासी 17 वर्षीय कृष शर्मा और सक्षिव शर्मा 27 जुलाई 2026 को लापता हुए थे। 48 दिन बीत जाने के बाद भी दोनों किशोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दोनों छात्र केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेदव्यास परिसर बलाहर में पढ़ते थे।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से की ये अपील
जानकारी के मुताबिक, कृष कॉलेज में तीसरे वर्ष का छात्र था, जबकि सक्षिव को कॉलेज में दाखिला लिए अभी चार-पांच दिन ही हुए थे। दोनों छात्रों के परिजनों ने बताया कि उन्हें पहले अपहरण का शक था, लेकिन अब उनके अपहरण का पूरा यकीन हो गया है। कृष के पिता मनकुमार और सचिव के पिता राजेश कुमार का कहना है कि यदि उनके बच्चे व्यास नदी में डूबे होते तो इतने लंबे समय के बाद कोई न कोई सुराग जरूर मिल जाता। उनका कहना है कि अब नदी का पानी भी काफी कम हो चुका है और काफी हद तक साफ है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि दोनों किशोरों को किसी ने अगवा किया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि बच्चों की तलाश के लिए सर्च अभियान को और तेज किया जाए। बता दें कि दोनों छात्र 27 जुलाई को घर से कॉलेज के लिए निकले थे, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचे। तलाश के दौरान दोनों के बैग कॉलेज से करीब दो किलोमीटर दूर ब्यास नदी के किनारे फेरा नामक स्थान पर मिले थे।
'हर दिन उम्मीद शायद आज आ जाएं'
परिजनों ने कहा कि 48 दिन से वे अपने बच्चों की राह देख रहे हैं। हर दिन इस उम्मीद के साथ गुजरता है कि शायद आज उनके बच्चे वापस आ जाएं या उनका कोई पता चल जाए। परिजन अभी भी यह मानने को तैयार नहीं है कि उनके बच्चों के साथ कोई अनहोनी हुई है। उन्हें पूरा विश्वास है कि दोनों बच्चे सुरक्षित हैं। परिजनों ने मामले की जांच सीबीआई को सौपने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि हमीरपुर में लापता हुए बच्चों के मामले में सीबीआई की जांच से बच्चों का पता लगाने में सफलता मिली थी। इसी तरह इस मामले को भी सीबीआई के हवाले किया जाना चाहिए, ताकि मामले की गहराई से जांच हो और उनके बच्चों को जल्द तलाशा जा सके। देहरा एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस दोनों बच्चों की तलाश में लगातार जुटी हुई है। बच्चों की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें