Edited By Vijay, Updated: 25 Jul, 2026 05:48 PM

पहाड़ों की रानी और राजधानी शिमला में उत्पाती बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में बंदर लगातार स्थानीय लोगों और यहां घूमने आने वाले पर्यटकों को अपना निशाना बना रहे हैं।
शिमला (ब्यूरो): पहाड़ों की रानी और राजधानी शिमला में उत्पाती बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में बंदर लगातार स्थानीय लोगों और यहां घूमने आने वाले पर्यटकों को अपना निशाना बना रहे हैं। शनिवार को मालरोड के समीप सीटीओ के पास एक हैरान करने वाला वाकया पेश आया, जहां एक बंदर ने सरेआम एक सैलानी के सिर से पगड़ी छीन ली।
जानकारी के अनुसार शनिवार को एक पर्यटक सीटीओ के पास आराम से बैठा हुआ था। इसी बीच अचानक एक उत्पाती बंदर वहां आ धमका और पलक झपकते ही सैलानी के सिर पर बंधी पगड़ी को निकालकर सीधा पास ही के एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया। सिर से अचानक पगड़ी छिन जाने से सैलानी बुरी तरह घबरा गया। बंदर काफी देर तक पगड़ी लेकर पेड़ की टहनियों पर ही बैठा रहा। सैलानी को परेशान देख वहां मौजूद स्थानीय लोग उसकी मदद के लिए आगे आए। काफी देर की मशक्कत के बाद लोगों ने तरकीब निकाली और बंदर की तरफ खाने-पीने की वस्तुएं फैंकी। खाने का लालच देखकर बंदर ने पगड़ी वहीं छोड़ दी और खाने के सामान को लेकर भाग गया। इसके बाद सैलानी को उसकी पगड़ी वापस मिल पाई और उसने राहत की सांस ली।
दवाइयां और खाने का सामान भी छीन लेते हैं बंदर
राजधानी शिमला में बंदरों के इस तरह के कारनामे आए दिन देखने को मिलते हैं। शहर के कई प्रमुख प्वाइंट्स और पर्यटन स्थलों पर बंदर बाकायदा घात लगाए बैठे रहते हैं। ये उत्पाती बंदर न केवल पर्यटकों के हाथों से खाने-पीने की वस्तुएं झपट लेते हैं, बल्कि कई बार मरीजों की जरूरी दवाइयों के पैकेट तक लेकर पेड़ों पर चढ़ जाते हैं। बंदरों के इस बढ़ते आतंक के कारण स्थानीय निवासियों और पर्यटकों में हमेशा खौफ का माहौल बना रहता है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें