Edited By Vijay, Updated: 13 Oct, 2026 03:03 PM

शिमला जिले के रामपुर बुशहर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले डकोलर में एक परिवार पर हुए कथित रूप से जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस घटना में एक महिला, उसके पति और बेटे को घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 4 लोगों के...
रामपुर बुशहर (संतोष): शिमला जिले के रामपुर बुशहर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले डकोलर में एक परिवार पर हुए कथित रूप से जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस घटना में एक महिला, उसके पति और बेटे को घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। अस्पताल से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार घायल महिला और उसके बेटे की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि पति को साधारण चोटें आई हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में डकोलर निवासी रुकमणि ने बताया कि बीते 10 अक्तूबर को उनका स्थानीय निवासी राधा देवी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उसी रात को विनोद, राजू और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने रुकमणि, उनके पति सीतामबर प्रसाद और बेटे अनिकेत कुमार पर हथौड़े से वार किया, जिससे तीनों घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए खनेरी स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर ले जाया गया। पुलिस के अनुसार अस्पताल से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट में परिवार को आई गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक पति सीतांबर प्रसाद को साधारण चोटें आई हैं। वहीं, बेटे अनिकेत कुमार के सिर के पिछले हिस्से की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया है। इसके अलावा, शिकायतकर्ता रुकमणि के माथे की हड्डी में फ्रैक्चर और एपिड्यूरल हेमेटोमा (सिर में अंदरूनी चोट/रक्तस्राव) की पुष्टि हुई है।
रामपुर थाना पुलिस ने रुकमणि की शिकायत और खनेरी अस्पताल की आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट को आधार बनाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी विनोद, राजू, राधा देवी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें